कपूरथला में एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर जल्द बनेगा: DC-कमिश्नर ने साइट का रिव्यू किया, कुत्तों की आबादी होगी कंट्रोल – Kapurthala News
कपूरथला जिले में लगातार गंभीर रूप ले रही आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पशु कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने एक ‘एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) सेंटर’ स्थापित करने की प्रक्रिया तेज कर दी है।उपायुक्त (DC) आकाश बंसल ने नगर निगम कमिश्नर अनुपम कलेर और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर प्रस्तावित केंद्र के लिए पशुपालन विभाग के कार्यालय की खाली पड़ी भूमि का विस्तृत निरीक्षण किया। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस खाली जमीन का वैज्ञानिक ढंग से उचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने संबंधित विभागों को साइट के राजस्व रिकॉर्ड (Revenue Record) समेत सभी कागजी औपचारिकताओं को बिना किसी विलंब के जल्द से जल्द पूरा करने के कड़े निर्देश दिए। मानवीय और वैज्ञानिक तरीके से होगी नसबंदी व टीकाकरण उपायुक्त बंसल ने बताया कि कपूरथला शहर में यह सेंटर स्थापित होना आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को एक व्यवस्थित, वैज्ञानिक और मानवीय दृष्टिकोण से नियंत्रित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केंद्र ‘एनिमल बर्थ कंट्रोल रूल्स’ के प्रावधानों के तहत कार्य करेगा। यहां आवारा कुत्तों की नसबंदी (Sterilization) और एंटी-रेबीज (Anti-Rabies) टीकाकरण की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे शहर में कुत्तों के काटने की घटनाओं और जानलेवा रेबीज के खतरे में काफी कमी आएगी। फगवाड़ा के बाद कपूरथला शहर को मिलेगा दूसरा सेंटर, हेल्पलाइन नंबर जारी उपायुक्त आकाश बंसल ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि कपूरथला जिले के फगवाड़ा में पहले से ही एक ‘एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर’ सफलतापूर्वक काम कर रहा है। हालांकि, जिले में लगातार बढ़ रही जरूरतों को देखते हुए कपूरथला शहर में भी अलग से ऐसा सेंटर स्थापित करना बेहद आवश्यक हो गया था। जिला प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। किसी भी प्रकार की शिकायत या सहायता के लिए नागरिक जिला प्रशासन के हेल्पलाइन नंबर 01822-233777 पर संपर्क कर सकते हैं।
Source link

