लुधियाना में जेन कार का कहर: सर्विस स्टेशन वाले ने लड़कों को दी चाबी; रफ्तार 100 पार, हवा में उछले लोग, 3 घायल – Ludhiana News
लुधियाना में देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। नीला झंडा रोड पर एक तेज रफ्तार जेन कार ने सड़क पर चल रहे लोगों को बेरहमी से कुचल दिया। हादसा इतना भयानक था कि कार की चपेट में आए लोग हवा में कई फीट ऊपर उछलकर दूर जा गिरे। इस हादसे में 2 से 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पूरी घटना वहां लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। हैरान करने वाली बात यह है कि कार चलाने वाले लड़कों की उम्र 16 साल से भी कम है। सर्विस स्टेशन के मालिक की लापरवाही आई सामने
जानकारी के मुताबिक, मनू नाम के एक व्यक्ति ने अपनी जेन कार नीला झंडा रोड पर स्थित एक कार वाशिंग सेंटर (सर्विस स्टेशन) पर धुलने के लिए दी थी। कार की धुलाई होने के बाद, मार्केट में कुछ नाबालिग युवक खड़े थे। सर्विस स्टेशन के मालिक ने लापरवाही बरतते हुए गाड़ी की चाबी उन लड़कों को दे दी और कहा कि गाड़ी को थोड़ा साइड में लगा दो। चाबी मिलते ही लड़के गाड़ी लेकर चक्कर लगाने लगे और उन्होंने बाजार के बीचों-बीच कार की रफ्तार करीब 100 किमी प्रति घंटा तक बढ़ा दी। रफ्तार इतनी तेज थी कि लड़के कार पर से नियंत्रण खो बैठे और गाड़ी सड़क पर चल रहे लोगों को रौंदती चली गई। हादसे में गाड़ी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। पीड़ित बोले— “हवा में उड़ा दिया, सिर पर आए टांके”
हादसे का शिकार हुए लोगों ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि कार की रफ्तार काल बनकर आई थी। घायल अजय (साइकिल सवार): “मैं काम से वापस अपने घर लौट रहा था। जैसे ही मैं साइकिल से सड़क पार करने लगा, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार जेन कार के ड्राइवर ने मुझे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैं हवा में उड़ गया। मेरी कमर और बाजू पर गंभीर चोटें आई हैं।” घायल खुरशीद आलम (दुकानदार): “मैं टिब्बा रोड का रहने वाला हूं और नीला झंडा रोड पर मेरी दुकान है। कार सवार की स्पीड बहुत ज्यादा थी। उसने पहले साइकिल सवार अजय को टक्कर मारी और फिर मुझे चपेट में ले लिया। मेरे सिर पर गहरी चोट आई है, डॉक्टर ने 3 से 5 टांके लगाए हैं। हादसा इतनी जल्दी हुआ कि मैं कार सवारों की पहचान नहीं कर सका।” इसी तरह एक अन्य बाइक सवार को भी टक्कर लगी है। सीसीटीवी में कैद हुआ खौफनाक मंजर
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने तुरंत घायलों को संभाला और इलाज के लिए पास के एक क्लिनिक में भर्ती कराया। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में यह खौफनाक मंजर कैद हो गया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि कैसे तेज रफ्तार कार लोगों को हवा में उड़ाती हुई निकल गई। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है और इस संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Source link

