जसकरण हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर धरना: मोगा में किसान यूनियनों ने जताया रोष, अंतिम संस्कार न करने की चेतावनी – Moga News
मोगा जिले के थाना समालसर के अंतर्गत आते गांव सुखानंद में 17 जून की रात को हुई 27 वर्षीय जसकरण सिंह गग्गू मल्ली की बेरहमी से गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में तनाव बढ़ गया है। वारदात के तीन दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से इलाके के लोगों में भारी रोष है। इसको लेकर परिजनों और लोगों ने धरना शुरू कर दिया है। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। समालसर पुलिस ने इस वारदात के संबंध में गांव सुखानंद के ही निवासी अमनदीप सिंह अमना, उसकी पत्नी गुरप्रीत कौर, उसके बेटे मनिंदर सिंह और कुछ अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या (मर्डर) और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। लेकिन, अभी तक इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इंसाफ के लिए गांव चीदा में धरना, अंतिम संस्कार रोकने का फैसला इस हत्याकांड के विरोध में आज गांव चीदा में ग्रामीणों और विभिन्न किसान यूनियनों के नेताओं ने एकजुट होकर एक विशाल धरना प्रदर्शन किया। मृतक जसकरण सिंह के परिजनों और प्रदर्शनकारियों ने साफ शब्दों में ऐलान किया है कि जब तक पुलिस इस जघन्य हत्याकांड के सभी नामजद और संलिप्त आरोपियों को सलाखों के पीछे नहीं पहुंचा देती, तब तक मृतक जसकरण सिंह गग्गू मल्ली का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा
गुरुद्वारा साहिब से बड़ी चेतावनी: ठठ्ठीभाई अड्डे को चक्का जाम करने का ऐलान धरने के दौरान स्थानीय गुरुद्वारा साहिब के लाउडस्पीकर से भी ग्रामीणों और इलाके के लोगों के लिए विशेष घोषणा की गई। इस मुनादी के जरिए चेतावनी दी गई कि यदि पुलिस प्रशासन ने हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार नहीं किया, तो यह संघर्ष सिर्फ गांवों तक सीमित नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में सभी ग्रामीण और किसान जत्थेबंदियां मिलकर गांव ठठ्ठीभाई के मुख्य अड्डे पर पहुंचेंगी और वहां एक बड़ा राज्यस्तरीय धरना देकर चक्का जाम करेंगी। धरने में किसान नेताओं और राजनीतिक हस्तियों की भारी मौजूदगी इस विरोध प्रदर्शन को धार देने के लिए मृतक परिवार के साथ भारी संख्या में महिलाएं और कई दिग्गज नेता पहुंचे। धरने में मुख्य रूप से भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) डकौंदा के जिला प्रधान जसविंदर सिंह कालेके, ब्लॉक प्रधान रवि मौड़ नौआबाद, पंथक नेता भाई रूपिंदर सिंह पंजगराई, किसान नेता गुरतीर सिंह चीदा, कांग्रेस के पूर्व चेयरमैन गुरचरण सिंह चीदा और गांव के सरपंच नाहर सिंह सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए और पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय दिलाने की बात कही। डीएसपी बाघापुराना पहुंचे मौके पर; आरोपियों की धरपकड़ के लिए बनीं 7 टीमें धरने और बढ़ते तनाव की सूचना मिलते ही डीएसपी बाघापुराना जसबिंदर सिंह खहिरा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने प्रदर्शनकारी नेताओं व परिजनों से लंबी बातचीत की। डीएसपी खहिरा ने प्रदर्शनकारियों को शांत करते हुए बताया कि मोगा के जिला पुलिस प्रमुख (एसएसपी) सरताज सिंह चहल के विशेष निर्देशों पर इस मामले को सुलझाने और कथित आरोपियों को दबोचने के लिए 7 अलग-अलग विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार छापेमारी कर रही हैं। कुछ संदिग्ध हिरासत में, अफवाहों से बचने की अपील डीएसपी जसबिंदर सिंह खहिरा ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि पुलिस बहुत जल्द सभी असली गुनहगारों को गिरफ्तार कर लेगी। उन्होंने खुलासा किया कि इस मामले की कड़ियों को जोड़ने के लिए कुछ संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए पहले ही हिरासत में लिया जा चुका है। डीएसपी ने प्रदर्शनकारियों और सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की है कि माहौल को शांत बनाए रखें और किसी भी तरह की भ्रामक अफवाह या भड़कावे में न आएं, कानून अपना काम पूरी मुस्तैदी से कर रहा है।
Source link

