पंजाब बिजली विभाग में 2,437 युवाओं को मिलेगी नौकरी: असिस्टेंट लाइनमैन पद पर होगी नियुक्ति, आईटीआई पास युवाओं की नियुक्ति का फैसला – Chandigarh News
पंजाब सरकार ने राज्य के हजारों युवाओं को बड़ी राहत देते हुए पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 2,437 अप्रेंटिस युवाओं को नियमित रूप से विभाग में शामिल करने का फैसला लिया है। इन युवाओं को असिस्टेंट लाइनमैन (ALM) के पद पर नियुक्त किया जाएगा। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि PSPCL की ओर से करीब आठ-नौ महीने पहले आईटीआई पास युवाओं के लिए 2,600 अप्रेंटिसशिप पद निकाले गए थे। इसके लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें सफल अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण के लिए चुना गया। इनमें से 2,437 युवाओं ने विभाग में प्रशिक्षण ज्वाइन किया और वे पिछले छह महीने से अधिक समय से फील्ड में काम सीख रहे हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर शुरू हुई प्रक्रिया हरपाल चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान हमेशा पंजाब के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के पक्षधर रहे हैं। इसी सोच के तहत मुख्यमंत्री ने विभाग को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं को विभाग में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू की जाए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में एडवोकेट जनरल से कानूनी राय ली गई। कानूनी प्रक्रिया और विभागीय नियमों की समीक्षा के बाद यह स्पष्ट हुआ कि निर्धारित न्यूनतम योग्यता पूरी करने वाले प्रशिक्षुओं को विभाग में नियुक्त किया जा सकता है। गर्मी और मानसून सीजन को देखते हुए फैसला चीमा ने कहा कि इस समय बिजली विभाग पर कार्यभार काफी बढ़ा हुआ है। गर्मी का सीजन चरम पर है और मानसून भी दस्तक देने वाला है। ऐसे में फील्ड स्तर पर अतिरिक्त तकनीकी स्टाफ की जरूरत को देखते हुए इन युवाओं की सेवाएं विभाग में ली जाएंगी। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है और जल्द ही इन युवाओं को PSPCL में असिस्टेंट लाइनमैन के रूप में नियुक्त किया जाएगा।
Source link

