जीरकपुर में सड़क किनारे 16 घंटे तड़पता रहा घायल: लोडर टक्कर मार फरार, लोगों ने देखा पर नहीं भेजा अस्पताल, इलाज न मिलने से मौत – Mohali News

जीरकपुर में सड़क किनारे 16 घंटे तड़पता रहा घायल:  लोडर टक्कर मार फरार, लोगों ने देखा पर नहीं भेजा अस्पताल, इलाज न मिलने से मौत – Mohali News




मोहाली के जीरकपुर के तहत आते पटियाला चौक क्षेत्र में सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। इस घटना ने स्थानीय प्रशासनिक मुस्तैदी और मानवीय संवेदनाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, व्यक्ति सड़क हादसे में घायल होने के बाद करीब 16 घंटे तक तड़पता रहा, लेकिन समय पर इलाज न मिलने के कारण आखिरकार उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर जीरकपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसा करने वाले वाहन की तलाश के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। छोटे हाथी ने मारी थी टक्कर, रात भर दर्द से कराहता रहा घायल स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम को एक ‘छोटा हाथी’ (कमर्शियल वाहन) ने इस अज्ञात व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जबकि घायल व्यक्ति गंभीर अवस्था में सड़क किनारे ही पड़ा रहा। हैरान करने वाली बात यह है कि प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घायल व्यक्ति गुरुवार सुबह करीब 10 बजे तक जीवित था और मदद की आस में तड़प रहा था। लेकिन किसी ने भी उसे अस्पताल पहुंचाने या पुलिस व एम्बुलेंस को सूचित करने की जहमत नहीं उठाई। अंततः, लगातार बहते खून और समय पर प्राथमिक उपचार न मिलने के कारण उसकी मौत हो गई। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस गुरुवार को घटना की सूचना मिलने के बाद जीरकपुर पुलिस तुरंत हरकत में आई और घटनास्थल का मुआयना किया। फिलहाल मृतक की उम्र और उसकी पहचान से जुड़ी कोई भी जानकारी या दस्तावेज सामने नहीं आए हैं। पुलिस आस-पास के दुकानदारों और राहगीरों से पूछताछ कर रही है ताकि मृतक की शिनाख्त की जा सके। जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर तफ्तीश कर रही है। टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने के लिए पटियाला चौक के आस-पास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी अगली कार्रवाई पुलिस का कहना है कि शव को अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है। पहचान के लिए निर्धारित समय बीतने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज से मिलने वाले सुरागों के आधार पर ही फरार वाहन चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *