मोहाली के स्कूल को आई बम से उड़ाने की धमकी: मौके पर पुलिस का सर्च ऑपरेशन, दूसरी बार आया ईमेल; जांच शुरू – Chandigarh News
मोहाली के फेज-6 स्थित शिवालिक पब्लिक स्कूल को गुरुवार को ईमेल से बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और एहतियात के तौर पर बच्चों को घर भेज दिया। इसके बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता व अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे स्कूल परिसर में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस और स्कूल प्रबंधन ने जांच पूरी होने के बाद राहत की सांस ली। हालांकि पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए अलर्ट पर है। साइबर टीम यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी भरा ईमेल कहां से भेजा गया।
हमारे राम नाटक का होना था आगाज जानकारी के अनुसार, यह ईमेल ऐसे समय आया जब मोहाली में सरकार का सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘हमारे राम’ आयोजित होना था। वहीं पंजाब विधानसभा का सत्र भी चल रहा है। इसके अलावा पंजाब के विभिन्न कर्मचारी संगठनों के सदस्य चंडीगढ़ की ओर जा रहे थे। ऐसे में पुलिस ने किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया और तुरंत सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी। मोहाली पुलिस ने पहले से ऐसी घटनाओं के लिए एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) तैयार कर रखी है। इसी के तहत सूचना मिलते ही स्कूल को सुरक्षित कराया गया और पूरे परिसर की गहन जांच की गई। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी तरह का खतरा नहीं है, लेकिन मामले की साइबर जांच जारी है।
Source link

