शिमला में भारी बारिश, सड़कें पानी के तालाब में तब्दील: एनएच-5 14 घंटे से बंद; सैकड़ों गाड़ियां फंसीं, निगुलसरी में हाईवे पर गिर रहीं चट्टानें – Shimla News




हिमाचल की राजधानी शिमला में दोपहर दो से सवा तीन बजे तक मूसलाधार बारिश हुई। इसके बाद बारिश का पानी सड़कों पर बहने लगा। भारी बारिश के बीच स्कूली बच्चों को घर लौटने में परेशानी हुई। शिमला के रामपुर और किन्नौर जिला के अधिकांश भागों में भी हल्की बारिश हुई। शिमला-किन्नौर नेशनल हाइवे-5 भी 16 घंटे से बंद पड़ा है। बारिश के कारण हाइवे पर निगुलसरी में बीती रात एक बजे बड़ी बड़ी चट्टानें गिर गई थी। मौके पर अभी भी पहाड़ी से लैंडस्लाइड हो रहा है। इससे सड़क बहाली का काम प्रभावित हो रहा है और हाइवे पर बीती रात से सैकड़ों वाहन फंसे हुए है। प्रदेश के अन्य भागों में भी बारिश के कारण 112 सड़कें बंद पड़ी है। मौसम विभाग ने आज बिलासपुर, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला, सोलन, सिरमौर और किन्नौर जिला में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी कर रखा है। अगले कल यानी 7 अगस्त को बिलासपुर और कांगड़ा में यलो अलर्ट की चेतावनी दी गई है। बीते एक सप्ताह में सामान्य से 13% कम बारिश वहीं प्रदेश में बीते एक सप्ताह के दौरान मानसून थोड़ा कमजोर रहा। 30 जुलाई से 5 अगस्त के बीच नॉर्मल से 13 फीसदी कम बारिश हुई है। अगले एक सप्ताह तक भी ज्यादातर भागों में सामान्य या इससे कम बारिश होने की संभावना है। लाहौल स्पीति जिला में बीते एक सप्ताह में सामान्य से 87 फीसदी कम बादल बरसे हैं। इसी तरह, चंबा में 21 फीसदी कम, हमीरपुर में 45%, कांगड़ा में 13%, मंडी में 23%, शिमला में 9% और सोलन जिला में 30% कम बारिश हुई है। वहीं सिरमौर जिला में सामान्य की तुलना में 66% अधिक, किन्नौर में 26%, बिलासपुर में 40% और ऊना जिला में सामान्य से 42% ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। 11 अगस्त तक कुछेक भागों में तेज बारिश का पूर्वानुमान भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, राज्य में 11 अगस्त तक राज्य के कुछेक भागों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 6, 9, 10 और 11 अगस्त को कुछेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। 7 और 8 अगस्त को राज्य के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं IMD के अनुसार, अगले 4 से 5 दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। इस दौरान तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा। लोगों को सतर्क रहने की सलाह लगातार बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए लोगों को लैंडस्लाइड संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों और संवेदनशील सड़कों पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखने की भी अपील की गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *