अमृतसर में फर्जी SHO अरेस्ट, वर्दी में करता था ठगी: गन हाउस से हथियार-दुकानों से ठगा सामान; आरोपी पटियाला का रहने वाला – Amritsar News
अमृतसर में पुलिस की वर्दी पहनकर और खुद को पुलिस अधिकारी बताकर दुकानदारों से ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुखा सिंह उर्फ सुखदीप सिंह, निवासी राजपुरा (पटियाला) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि आरोपी दुकानदारों का भरोसा जीतने के लिए कभी खुद को एसएचओ बताता था तो कभी बड़ी कंपनियों का प्रतिनिधि बनकर सामान मंगवा लेता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ अब तक 7 मामले दर्ज हो चुके हैं। मामले का खुलासा थाना सिविल लाइन में दर्ज एक एफआईआर की जांच के दौरान हुआ। शिकायत अमृतसर स्थित भाटिया गन हाउस के मालिक ने दी थी। आरोपी ने फोन कर खुद को थाना सिविल लाइन का एसएचओ बताया और एक पिस्तौल की मांग की। पहले उसने हथियार थाने भेजने के लिए कहा, लेकिन कुछ देर बाद फोन कर लोकेशन बदल दी और दूसरी जगह हथियार पहुंचाने को कहा। पुलिस अधिकारी समझकर गन हाउस मालिक ने अपने कर्मचारी के हाथों पिस्तौल भेज दी। कर्मचारी ने बताया कि हथियार लेने आया व्यक्ति पुलिस की वर्दी में था। भुगतान मांगने पर खुली ठगी की पोल कुछ समय बाद जब गन हाउस मालिक ने असली एसएचओ से भुगतान की बात की, तब ठगी का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी सोशल मीडिया के जरिए बड़ी कंपनियों की जानकारी जुटाता था। इसके बाद छोटे दुकानदारों को फोन कर खुद को किसी नामी कंपनी या अधिकारी का प्रतिनिधि बताता और कहता कि उसका कर्मचारी सामान लेने आएगा तथा भुगतान बाद में कर दिया जाएगा। दुकानदार भरोसा कर सामान दे देते थे। जांच में यह भी सामने आया कि फोन करने वाला और सामान लेने पहुंचने वाला दोनों वही आरोपी होता था। 7 मामले दर्ज, ज्वेलरी शॉप को भी बनाया निशाना पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अंबाला, पटियाला, मोगा, अमृतसर के थाना-छेहरटा और कैंटोनमेंट थाने समेत कुल 7 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा उसने मजीठा रोड स्थित एक ज्वेलरी शॉप से पुलिस की वर्दी पहनकर फर्जी जी-पे भुगतान दिखाते हुए 2 अंगूठियां भी ठग ली थीं।
Source link

