स्कूल ऑफ एमिनेंस खडूर साहिब को राष्ट्रीय पुरस्कार: देश के 14.71 लाख स्कूलों में जीता अवॉर्ड, चार कड़े चरणों को पार कर मिला मुकाम – tarn-taran News
नेशनल एजुकेशन पॉलिसी (NEP) 2020 के तहत आयोजित ‘क्लीन एंड ग्रीन स्कूल रेटिंग 2025-26’ सर्वे में जिला तरनतारन के ‘स्कूल ऑफ एमिनेंस’ खडूर साहिब ने राष्ट्रीय स्तर पर सर्वोच्च सम्मान हासिल कर इतिहास रच दिया है। इस प्रतिष्ठित स्कूल को देश भर के करीब 14 लाख 71 हजार स्कूलों की कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चुना गया है, जिससे इस संस्थान ने देश के शिक्षा मानचित्र पर पंजाब का नाम रोशन किया है। यह सर्वे बेहद पारदर्शी और कड़े मापदंडों के आधार पर ब्लॉक स्तर से शुरू हुआ था। स्कूल ऑफ एमिनेंस खडूर साहिब ने सबसे पहले ब्लॉक स्तर के शीर्ष 8 स्कूलों में जगह बनाई और फिर जिला स्तर पर अपनी श्रेष्ठता साबित की। इसके बाद, पंजाब के शीर्ष 20 स्कूलों में शामिल होकर इसने राष्ट्रीय स्तर की केंद्रीय टीमों का ध्यान अपनी ओर खींचा। केंद्रीय टीमों ने की गहन जांच राज्य और राष्ट्रीय स्तर के फाइनल चयन के लिए केंद्रीय मूल्यांकन टीमों ने स्कूल का दौरा किया था। टीमों द्वारा पर्यावरण, स्वच्छता, वेस्ट मैनेजमेंट और ग्रीन इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े हर पहलू की जमीनी जांच की गई। इन सभी कड़े पैमानों पर सर्वाधिक अंक हासिल कर खडूर साहिब स्कूल ने अंतिम राष्ट्रीय सूची में अपना स्थान पक्का किया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए प्रिंसिपल-कम-जिला स्मार्ट स्कूल कोऑर्डिनेटर (डीएसएम) गुरदीप सिंह सिद्धू ने कहा कि यह सफलता स्कूल के स्टाफ और छात्रों के अथक प्रयासों का नतीजा है। उन्होंने विशेष रूप से स्कूल शिक्षिका और नोडल इंचार्ज अर्शप्रीत कौर (साइंस मिस्ट्रेस) के अनुकरणीय योगदान की सराहना की। शिक्षा विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों ने दी बधाई स्कूल को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी (एसईओ) तरनतारन राजेश कुमार शर्मा और उप जिला शिक्षा अधिकारी राजिंदर कौर ने प्रिंसिपल और स्टाफ को बधाई दी। इस अवसर पर सहायक कोऑर्डिनेटर गुरमीत सिंह व अमनदीप सिंह, जिला गाइडेंस काउंसलर सुखबीर सिंह कंग, पीएम श्री स्कूल नोडल इंचार्ज रीटा महाजन, जिला साइंस कोऑर्डिनेटर वरिंदर कौर, स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य मनजिंदर सिंह, लेक्चरर जोगिंदर सिंह, लेक्चरर बलदेव सिंह और निशान सिंह क्लर्क सहित समूचे शिक्षा विभाग ने इस उपलब्धि को जिले के लिए एक बड़ी मिसाल बताया है।
Source link

