विदेशी महिला टूरिस्ट बोली- ‘देवभूमि को कूड़े से मत भरिए’: मंदिरों-पर्यटन स्थलों पर कचरा देख भावुक हुई; वीडियो जारी कर सफाई रखने की अपील – Shimla News
हिमाचल की राजधानी शिमला के पर्यटन स्थलों में फैली गंदगी को लेकर एक ‘विदेशी महिला टूरिस्ट’ ने चिंता जाहिर की। महिला ने लगभग डेढ़ मिनट का वीडियो बनाकर लोकल लोगों और टूरिस्टों से भावुक अपील की। इसमें महिला टूरिस्ट कहती हैं कि हिमाचल प्रदेश को लोग ‘देवभूमि’ कहते हैं, लेकिन यहां धार्मिक, पर्यटन स्थलों और जंगलों में कचरा देखकर उसे बेहद दुख हुआ। विदेशी महिला ने अपने संदेश में कहा, मैं आपसे सिर्फ एक गुजारिश करती हूं, कृपया ऐसा करना बंद कर दीजिए। मैं हिमाचल प्रदेश, शिमला में हूं और यहां यात्रा करते हुए मैंने एक बहुत दुखद चीज देखी है, जो मुझे हर जगह दिखाई दे रही है। महिला ने कहा, ‘आप इस जगह को देवताओं की भूमि कहते हैं। मैं आपके देश का सम्मान करती हूं, आपके भगवानों और आपकी संस्कृति का सम्मान करती हूं। मुझे लगता है कि मैं कई बार आप लोगों से भी ज्यादा सम्मान करती हूं, क्योंकि मैं यहां घूम रही हूं और मुझे हर जगह हजारों शराब-बीयर की बोतलें और ढेर सारा कचरा दिखाई दे रहा है। खूबसूरत जंगल देखकर खुश हूं, पर गंदगी से आहत: महिला वीडियों में महिला कह रही हैं कि ‘यह जगह इतनी खूबसूरत है। मुझे देखिए, मैं इस समय जंगल में हूं। यहां का नजारा कितना अद्भुत है। मगर मुझे यहां क्या दिखाई दे रहा है? बोतलें और कचरा। चारों तरफ कचरा ही कचरा है।’ पर्यावरण को बचाने और साफ-सुथरा रखने की अपील करने वाली महिला किस देश की है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया, लेकिन महिला का यह वीडियो अब सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है। महिला ने यात्रा के दौरान गाड़ी में कचरा रखने की अपील की विदेशी पर्यटक ने लोगों से सवाल करते हुए कहा, ‘आप लोग कार से यात्रा करते हैं, क्या आप अपना कचरा अपनी गाड़ी के अंदर नहीं रख सकते? जब आपको होटल, घर या कहीं कूड़ेदान मिले तो वहां इसे डाल सकते हैं।’ महिला ने आगे कहा, ‘मैं फिर से आपसे कहना चाहती हूं कि यह देवभूमि है। यह आपके लिए है, आपकी संस्कृति के लिए है। आप अपने ही देश और अपने धर्म के साथ ऐसा कैसे कर सकते हैं।’ उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में हजारों पवित्र स्थान और मंदिर हैं, लेकिन दुर्भाग्य से उन्हें कई जगहों पर, यहां तक कि मंदिरों के आसपास भी कचरा दिखाई देता है। धरती, पर्यटन स्थलों और देवभूमि को साफ रखे: महिला महिला ने लोगों से हाथ जोड़कर अपील करते हुए कहा, कृपया ऐसा करना बंद कर दीजिए। अपनी धरती, अपने पर्यटन स्थलों और अपनी देवभूमि को साफ रखें। विदेशी पर्यटक की यह अपील हिमाचल में बढ़ते कचरे और पर्यटन स्थलों की स्वच्छता व्यवस्था पर एक बड़ा सवाल खड़ा करती है। प्रदेश में हर साल लाखों पर्यटक पहुंचते हैं, ऐसे में प्राकृतिक सुंदरता को बचाने के लिए स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों की जिम्मेदारी भी अहम हो जाती है। देशभर से पहुंच रहे टूरिस्ट बता दें कि पहाड़ों पर इन दिनों देशभर से टूरिस्ट पहुंच रहे हैं। इससे पर्यटन स्थलों पर गंदगी का आलम है। ऐसे में महिला पर्यटक ने भी आज न केवल हिमाचल बल्कि देश के लोगों को आइना दिखाया है। अकेले शिमला जिला में रोजाना 35 से 45 हजार टूरिस्ट व्हीकल पहुंच रहा है। इसी तरह, मनाली, डलहौजी, कुल्लू, मणिकर्ण, नारकंडा, कुफरी, किन्नौर, रोहतगां, अटल टनल और लाहौल स्पीति के पर्यटन स्थलों पर भी बड़ी संख्या में टूरिस्ट आ रहे है।
Source link

