लुधियाना के खन्ना में चलती बस में लगी आग: चीख पुकार सुन लोगों ने 80 यात्री सुरक्षित निकाले, बड़ा हादसा टला – Khanna News
लुधियाना के कस्बा खन्ना के पास लुधियाना-अमृतसर नेशनल हाईवे पर रविवार को एक चलती स्लीपर बस में आग लग गई। बस में लगभग 80 यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। गनीमत रही कि सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यह बस जालंधर से उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले की ओर जा रही थी। खन्ना के समीप बिजा गांव के पास पहुंचते ही बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। चालक और परिचालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोककर यात्रियों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। आग लगते ही यात्रियों में मची चीख-पुकार आग लगते ही बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री अपनी जान बचाने के लिए जल्दबाजी में बस से नीचे उतरे। इस दौरान कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं और कुछ झुलस गए, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। यात्रियों का सामान भी जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। खन्ना की एसडीएम स्वाति तिवाना ने भी घटनास्थल का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। प्रशासन ने प्रभावित यात्रियों के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई और उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के इंतजाम किए। दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण तकनीकी खराबी माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन यात्रियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
Source link

