कपूरथला में शादी समारोह में झड़प, युवक का हाथ कटा: डांस करते समय विवाद के बाद तनाव; 2 गुटों में जमकर चले तेजधार हथियार – Kapurthala News
कपूरथला के मॉडल टाउन स्थित सिटी हॉल के पास एक विवाह समारोह में देर रात 2 गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान तेजधार हथियार चले, जिसमें 2 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। एक युवक का हाथ कटकर अलग हो गया। घायलों को थाना सिटी के एसएचओ और परिजनों की मदद से सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में साबूवाल निवासी साहिल पुत्र सुखविंदर सिंह का हाथ बुरी तरह कट गया। उसकी हथेली शरीर से अलग हो गई थी, जिसे परिजन एक लिफाफे में रखकर अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने साहिल की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अमृतसर रेफर कर दिया। सिविल अस्पताल में भर्ती देवलांवाल निवासी मनप्रीत सिंह पुत्र कश्मीर सिंह ने बताया कि वह अपने रिश्तेदार के विवाह समारोह में आया था। मनप्रीत के अनुसार, बीती रात डीजे पर नाचते समय उसका साहिल नामक युवक से मामूली विवाद हुआ था, जिसे परिवार के सदस्यों ने सुलझा दिया था। मनप्रीत ने आरोप लगाया कि शनिवार को विवाह समारोह के दौरान साहिल और उसके साथियों ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घायलों को सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती करवाया वहीं, दूसरे पक्ष के घायल साहिल ने बताया कि वह अपने एक दोस्त के साथ शादी समारोह में आया था। साहिल का आरोप है कि मनप्रीत और उसके साथियों के साथ उसका विवाद हुआ, जिसके बाद मनप्रीत पक्ष ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला किया। इस हमले में उसकी हथेली कटकर हाथ से अलग हो गई। दोनों घायलों को सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया, जहां ड्यूटी डॉक्टर विजय ने उनका उपचार किया। डॉक्टरों ने दोनों की मेडिकल लीगल रिपोर्ट (एमएलआर) तैयार कर थाना सिटी पुलिस को भेज दी है। पुलिस मामले की कर रही जांच: एसएचओ घटनास्थल पर पहुंचे थाना सिटी के एसएचओ अमनदीप नाहर ने बताया कि उन्हें सिटी हॉल के पीछे एक घर में चल रहे विवाह समारोह के दौरान 2 पक्षों में झगड़े की सूचना मिली थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस दौरान साहिल का हाथ कट गया और मनप्रीत को भी चोटें आई हैं। दोनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल थाना सिटी पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Source link

