फगवाड़ा में CM भगवंत मान का ‘लोक मिलनी’: बोले-नशे के खिलाफ जंग से बदलेगा पंजाब; 18.57 करोड़ रुपए की सौगात दी – Kapurthala News
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने फगवाड़ा में ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने पंजाब सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और मुख्यमंत्री के समक्ष फगवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से संबंधित कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। डॉ. चब्बेवाल ने फगवाड़ा की मुख्य बाजार में सीवरेज की समस्या, फगवाड़ा को पूर्ण जिला बनाने की मांग और जेसीटी मिल को जल्द शुरू करने का अनुरोध किया। उन्होंने इन मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई की अपील की। मुख्यमंत्री मान ने अपने संबोधन में पिछली सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों की विफलताओं के कारण पंजाब के युवाओं को रोजगार की तलाश में विदेश जाना पड़ा। ‘शिअद-कांग्रेस ने भाई-भतीजावाद को बढ़ावा दिया’ मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि प्रकाश सिंह बादल और सुखबीर बादल के शासनकाल में शिरोमणि अकाली दल (बादल) ने पंजाब में नशीले पदार्थों का प्रसार किया। उन्होंने दावा किया कि बादल सरकार के दौरान सरकारी वाहनों में ड्रग्स पहुंचाई जाती थी और कोई जांच नहीं होती थी। मुख्यमंत्री मान ने बताया कि आम आदमी पार्टी (आप) के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने ‘नशे के विरुद्ध युद्ध’ अभियान शुरू किया है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि यह अभियान पंजाब को जल्द ही नशा-मुक्त बना देगा। उन्होंने शिरोमणि अकाली दल (बादल) और कांग्रेस पर भाई-भतीजावाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पार्टियों का पंजाब में विकास कार्य करने का कोई इरादा नहीं था, बल्कि उन्होंने केवल अपने और अपने परिवारों के हितों को साधा। 10 लाख रुपए का हेल्थ इंश्योरेंस दिया जा रहा- सीएम मान ने यह भी आरोप लगाया कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) बादलों के प्रभाव में काम कर रही है और वे अपने निजी एजेंडे के लिए पंथ का दुरुपयोग कर रहे हैं।मुख्यमंत्री ने सुखबीर बादल पर बेअदबी की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बादल ने दरबार साहिब में इसे स्वीकार किया था और बेअदबी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों का समर्थन भी किया था, हालांकि बाद में वे अपने बयान से मुकर गए। मान ने मजीठिया परिवार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जलियांवाला बाग हत्याकांड के बाद, जिसमें हजारों पंजाबी मारे गए थे, मजीठिया परिवार ने जनरल डायर का अपने घर पर रात्रिभोज के लिए स्वागत किया था। पंजाब के CM ने बताया कि AAP सरकार के तहत किसानों को लगातार बिजली दी जा रही है, जो पहले नहीं होता था। पंजाब में 1000 आम आदमी मोहल्ला क्लीनिक बनाए गए हैं और 400 खुलने के लिए तैयार हैं। पंजाब के लोगों को 10 लाख रुपए का हेल्थ इंश्योरेंस दिया जा रहा है।
‘SAD/B और BJP का गठबंधन चूहे और कछुए जैसा होगा’ सीएम ने कहा कि AAP सरकार ने पानी का सही इस्तेमाल करके पंजाब के भूजल स्तर को बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि AAP सरकार के दौरान आनंदपुर साहिब में होला मोहल्ला बहुत उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। उन्होंने जोर देकर कहा कि पंजाब एक धर्मनिरपेक्ष राज्य है और यहां हिंदू, मुस्लिम, सिख और अन्य धर्मों के लोग भाईचारे और एकता के साथ रहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली राजनीतिक पार्टियों ने पंजाब के भाईचारे को तोड़ने और राजनीतिक सत्ता हासिल करने के लिए धर्म का इस्तेमाल एक हथियार के तौर पर किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में कांग्रेस पार्टी खत्म होने की कगार पर है और जल्द ही उसका अस्तित्व मिट जाएगा। SAD/B और BJP का गठबंधन चूहे और कछुए जैसा होगा, जिसमें दोनों एक-दूसरे को हरा देंगे। फगवाड़ा के विकास कार्यों के लिए 18.57 करोड़ रुपए की घोषणा अंत में, उन्होंने फगवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए कई आर्थिक पैकेज की घोषणा की। 5 नए ट्यूबवेल के लिए 1 करोड़ 20 लाख रुपए, पल्लाही से होशियारपुर रोड, रेलवे रोड, सुखचैन नगर से चंडीगढ़ हाईवे रोड के लिए 5 करोड़ 91 लाख रुपए, गंडवा से शुगरमिल रोड, अर्बन एस्टेट से दोसांझ कलां रोड, हरगोबिंद नगर रोड, चहल नगर रोड के लिए 5 करोड़ 21 लाख रुपए की घोषणा की। वहीं सुखचैन गुरुद्वारे में हेरिटेज स्ट्रीट बनाने के लिए 87 लाख रुपए, फगवाड़ा में रोज गार्डन बनाने के लिए 2 करोड़ रुपए, शहरों की सड़कों के लिए 2 करोड़ 19 लाख रुपए, फगवाड़ा में स्ट्रीट लाइट के लिए 97 लाख रुपए, गांव अथौली के लिए 30 लाख रुपए, फगवाड़ा में अन्य कामों के लिए 30 लाख रुपए इस तरह फगवाड़ा के विकास कार्यों के लिए कुल 18 करोड़ 57 लाख रुपए दिए गए। किसानों ने सीएम से की बकाया भिगतान की मांग कार्यक्रम के अंत में, अनुराग मनखंड (MC और शहरी अध्यक्ष, फगवाड़ा BJP) और कुलवंत कौर (सरपंच, गांव पंचता, कांग्रेस) AAP में शामिल हो गए। इसके अलावा, BKU/दोआबा के 40-50 नेता/सदस्य फगवाड़ा की दाना मंडी में शाम 5:30 बजे इकट्ठा हुए और गोल्डन संधार शुगर मिल, फगवाड़ा द्वारा उनके बकाया पैसे का भुगतान न किए जाने के विरोध में प्रदर्शन शुरू किया। उन्होंने मांग की कि उन्हें पंजाब के मुख्यमंत्री से मिलने और इस संबंध में ज्ञापन सौंपने की अनुमति दी जाए। इसके बाद, मंजीत सिंह राय (राज्य अध्यक्ष, BKU/दोआबा) के नेतृत्व में 5-6 किसानों ने गांधी चौक, फगवाड़ा में पंजाब के मुख्यमंत्री से मुलाकात की और बकाया भुगतान के लिए ज्ञापन सौंपा। बाद में उन्होंने फगवाड़ा की दाना मंडी में अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
Source link

