जालंधर| घरेलू (डोमेस्टिक सप्लाई) श्रेणी के बिजली उपभोक्ताओं को पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पावरकॉम) ने बकाया निपटान में राहत दी है। महकमा ने वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना की अंतिम तिथि एक दिन बढ़ाकर 29 दिसंबर 2026 कर दी है। चीफ इंजीनियर (कमर्शियल), पटियाला कार्यालय की ओर से इस संबंध में समस्त चीफ इंजीनियर (डिस्ट्रीब्यूशन) और आईटी विंग को स्पष्टीकरण पत्र जारी किया गया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पावरकॉम ने 14 नवंबर 2026 को कमर्शियल सर्कुलर नंबर 41/2026 के तहत डिफॉल्टर घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 45 दिन की ओटीएस योजना शुरू की थी, जिसकी अवधि 28 दिसंबर 2026 को खत्म हो रही थी। 28 दिसंबर को सरकारी छुट्टी होने के चलते उपभोक्ताओं को होने वाली व्यावहारिक दिक्कतों को देखते हुए अंतिम तिथि आगे बढ़ाई गई।