जालंधर| पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल पीएपी कैंपस की 12वीं कक्षा की छात्रा भव्या दुग्गल ने डीएवी कॉलेज मैनेजिंग कमेटी नई दिल्ली की ओर से 50,000 रुपये की प्रतिष्ठित स्कॉलरशिप हासिल की। विद्यालय की प्रार्थना सभा में प्रिंसिपल डॉ. आर.एस. कंग ने छात्रा को इस उपलब्धि पर सम्मानित किया। विद्यालय के मुताबिक स्कॉलरशिप हेतु चयन प्रक्रिया दो चरणों में हुई। पहले चरण में देशभर के डीएवी विद्यालयों के उन विद्यार्थियों का स्कूल स्तर पर साक्षात्कार हुआ, जिनके आठवीं, नौवीं और दसवीं कक्षा में लगातार 95 प्रतिशत से ज्यादा अंक रहे। दूसरे चरण में शॉर्टलिस्ट विद्यार्थियों को डीएवी, सीएमसी, नवीन दिल्ली में अंतिम साक्षात्कार हेतु बुलाया गया, जहां चयनित विद्यार्थियों के बीच प्रतिस्पर्धा के पश्चात भव्या दुग्गल का चयन हुआ। भव्या की सफलता पर प्रिंसिपल डॉ. आर.एस. कंग ने छात्रा और उसके अभिभावकों का हौसला बढ़ाया। स्कूल के चेयरपर्सन (डीजीपी/स्पेशल आर्म्ड पुलिस) एम.एफ. फारूकी और स्कूल की मैनेजर स्वीन पुरी ने संदेश भेजकर उपलब्धि की सराहना की।