किसी टेबल पर चार पहियों वाली छोटी स्मार्ट कार रखी थी तो कहीं आग और धुएं का पता लगाने वाला सिस्टम। ये केवल प्रदर्शनी में रखे मॉडल नहीं थे, बल्कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के अपने आइडिया थे, जिन्हें उन्होंने सेंसर, कोडिंग और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की सहायता से तैयार किया था। बुधवार को गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नेहरू गार्डन में आयोजित जिला स्तरीय डिजिटल इनोवेशन फेयर में बच्चे अपने प्रोजेक्ट के साथ मौजूद थे।

पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग के मिशन रफ्तार के तहत आयोजित जालंधर टेक फेयर 2026-27 में जिले के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने अपने डिजिटल और तकनीक आधारित प्रोजेक्ट पेश किए। प्रतियोगिता में करीब 30 प्रोजेक्ट्स में से गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल जमशेर खास ने पहला, स्कूल ऑफ एमिनेंस मकसूदां ने दूसरा और पीएम श्री गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल जंडियाला ने तीसरा स्थान हासिल किया।

तीनों स्कूलों के छात्र अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता हेतु चयनित हुए हैं। जिला स्तरीय मेले में पंजाब के बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत प्रमुख अतिथि के रूप में शामिल हुए। बारिश शुरू होते ही कपड़े खुद पहुंच जाएंगे शेड में पीएम श्री स्कूल रंधावा मसंदा के विद्यार्थियों मोहित और लक्की ने ऑटोमेटिक क्लॉथ प्रोटेक्शन मॉडल बनाया है। इसमें आर्डिनो, वाटर सेंसर, सर्वो मोटर, बैटरी और सी++ कोडिंग का उपयोग हुआ है।

विज्ञापनIn-Article Banner

वाटर सेंसर पर बारिश की बूंदें पड़ते ही आर्डिनो को संकेत मिलता है और सर्वो मोटर कपड़ों के स्टैंड को शेड में ले जाती है। बारिश रुकने पर कपड़े पुनः बाहर आ जाते हैं। कामकाजी लोगों के बाहर रहने पर अचानक वर्षा से कपड़ों को भीगने से बचाने हेतु यह मॉडल बनाया गया है।

सामने रुकावट आए तो खुद रास्ता बदलेगी स्मार्ट कार जमशेर खास स्कूल के साहिलप्रीत व रोहित ने चार पहियों वाली ऑब्सटेकल एंड फायर डिटेक्शन स्मार्ट कार बनाई है। इसमें आर्डिनो उनो कंट्रोलर व सी++ कोडिंग का उपयोग हुआ है। आगे लगा अल्ट्रासोनिक सेंसर दूरी मापकर रुकावट आने पर कार को रोकता है और दिशा बदलता है। वहीं, फ्लेम सेंसर आग पहचानने पर दिशा के मुताबिक अलग पैटर्न में बजर बजाकर अलर्ट देता है। मॉडल में मोटर ड्राइवर, डीसी मोटर्स व एलसीडी डिस्प्ले भी लगाए गए हैं।

जालंधर में ‘मिशन रफ्तार’ के तहत 23 सरकारी स्कूलों को मिली एआई व रोबोटिक्स किट्स की सहायता से विद्यार्थियों ने प्रैक्टिकल प्रोजेक्ट तैयार कर जिला स्तर पर प्रदर्शित किए। आईआईटी व आईआईएससी जैसे संस्थानों से प्रशिक्षित शिक्षक विद्यार्थियों का प्रोजेक्ट बनाने में मार्गदर्शन कर रहे हैं।

धुआं या आग होने पर अलार्म से मिलेगा संकेत स्कूल ऑफ एमिनेंस मकसूदां के राजवीर और पारस ने स्मोक एंड फायर डिटेक्शन सिस्टम तैयार किया है। इस मॉडल में धुएं व आग की लौ पहचानने हेतु विशेष सेंसर लगाए गए हैं। सेंसर से आर्डिनो को संकेत मिलते ही सिस्टम अलार्म और एलईडी लाइट सक्रिय कर देता है, जबकि एलसीडी डिस्प्ले पर स्थिति दिखाई देती है। विद्यार्थियों के मुताबिक, घरों, कार्यालयों, फैक्ट्रियों और प्रयोगशालाओं में आग या धुएं की शुरुआती पहचान कर सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से यह मॉडल बनाया है।

रास्ते की रुकावटों का भी पता लगाएगी स्मार्ट ब्लाइंड स्टिक बस्ती दानिशमंदा के नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों आशु और वंश ने दृष्टिबाधित लोगों हेतु स्मार्ट ब्लाइंड स्टिक तैयार की है। पीवीसी पाइप, आर्डिनो, लिथियम बैटरी, अल्ट्रासोनिक सेंसर, बजर व जम्पर वायर से बनी इस स्टिक के सामने कोई वस्तु आने पर सेंसर दूरी मापता है। वस्तु के नजदीक आने पर बजर की आवाज व फ्रीक्वेंसी बढ़ जाती है, जिससे व्यक्ति को रुकावट का पूर्व संकेत मिलता है। विद्यार्थियों ने इस प्रोजेक्ट की कोडिंग के लिए एआई की मदद ली है।

खबर अभी बाकी है!

  • पसंद की खबरें
  • खबर सबसे तेज
  • लाइव अपडेट

खबर अभी बाकी है!

  • मनचाहे अलर्ट
  • खबर सबसे तेज
  • लाइव अपडेट