- Hindi News
- Local
- Punjab
- Ludhiana
- Punjab Congress Election Committee List | Pargat Singh Chairperson
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के लिए कांग्रेस हाईकमान ने 42 सदस्यीय राज्य चुनाव समिति का गठन कर दिया है। AICC के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने लेटनाइट कमेटी के सदस्यों की लिस्ट जारी की।
पंजाब कांग्रेस के राज्य अध्यक्ष परगट सिंह को इस महत्वपूर्ण कमेटी का चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है। कमेटी में पंजाब के शीर्ष नेताओं को शामिल किया गया है।
कमेटी के कामकाज पर गांधी परिवार की सीधी नजर रहे इसके लिए अमेठी सांसद किशोरी लाल को भी मेंबर नियुक्त किया गया है। वहीं पंजाब चुनाव की गतिविधियों से दूर रखे जाने से नाराज चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी को भी कमेटी में रखा है।
सूची में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व राज्य अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्टल और वरिष्ठ नेत्री अंबिका सोनी जैसे दिग्गजों को जगह दी गई है।
इसके साथ ही सांसद गुरजीत सिंह औजला, डॉ. अमर सिंह, शेर सिंह घुबाया, डॉ. धर्मवीर गांधी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, भारत भूषण आशु, सुखपाल सिंह खैहरा और पूर्व कैबिनेट मंत्रियों को भी सदस्य बनाया गया है।
नियमित सदस्यों के अलावा पंजाब कांग्रेस के प्रभारी और AICC महासचिव सचिन पायलट, उनके साथ जुड़े राष्ट्रीय सचिव और पंजाब के समस्त अग्रिम संगठनों के प्रदेश अध्यक्षों को कमेटी में एक्स-ऑफिशियो (पदेन) सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
कमेटी निर्वाचन के बीच क्या-क्या काम करेगी, जानिए...
- उम्मीदवारों का पैनल तैयार करना: विधानसभा की सभी 117 सीटों हेतु दावेदारों के आवेदनों की गहन छानबीन करना और हर सीट से 2 से 3 सबसे मजबूत संभावित उम्मीदवारों का पैनल तैयार करना।
- सर्वे रिपोर्ट और फीडबैक का आकलन: पार्टी के आंतरिक सर्वे, पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट और स्थानीय ब्लॉक व जिला कमेटियों से मिले फीडबैक के आधार पर जिताऊ चेहरों की पहचान करना।
- केंद्रीय चुनाव समिति को नाम भेजना: राज्य स्तर पर तैयार किए गए संभावित उम्मीदवारों के पैनल को अंतिम मुहर हेतु दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की केंद्रीय चुनाव समिति के पास भेजना।
- जातिगत और क्षेत्रीय समीकरण साधना: टिकट वितरण की सिफारिश करते समय पंजाब के सामाजिक, जातिगत और क्षेत्रीय संतुलन का पूरा ध्यान रखना, ताकि हर वर्ग को उचित प्रतिनिधित्व मिल सके।
- चुनावी रणनीति और समन्वय: पूरे राज्य में निर्वाचन प्रचार की रूपरेखा तैयार करना, राष्ट्रीय स्तर के स्टार प्रचारकों के दौरे तय करना और पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के बीच बेहतर तालमेल बनाना।
- बागी नेताओं और असंतोष को रोकना: टिकट घोषणा के पश्चात संभावित बगावत को थामने हेतु नाराज दावेदारों से सीधा संवाद करना और उन्हें पार्टी हित में एकजुट होकर काम करने के लिए राजी करना।
कमेटी के गठन के 6 बड़े सियासी मायने...
- गुटबाजी पर लगाम: पंजाब कांग्रेस में लंबे समय से चल रही आंतरिक खींचतान को देखते हुए हाईकमान ने सभी मुख्य गुटों को एक साथ लाने का प्रयास किया है। सूची में प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी और वरिष्ठ नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा जै से समस्त दिग्गजों को शामिल किया गया है, ताकि सभी गुटों को यह लगे कि कमेटी में उनका प्रतिनिधित्व है।
- मनीष तिवारी की पंजाब पॉलिटिक्स में वापसी: चंडीगढ़ से सांसद मनीष तिवारी को इस कमेटी में शामिल करना एक अहम संकेत है। पिछले कुछ समय से पंजाब की संगठनात्मक कमेटियों से दूर रखे जाने पर तिवारी सार्वजनिक रूप से अपनी नाराजगी जता चुके थे। उन्हें निर्वाचन समिति में जगह देकर हाईकमान ने न सिर्फ उनके अनुभव को महत्व दिया है, बल्कि शहरी और हिंदू मतदाताओं के बीच भी सकारात्मक संदेश देने की कोशिश की है।
- हर गतिविधि पर हाईकमान की सीधी नजर: अमेठी से सांसद और गांधी परिवार के करीबी माने जाने वाले किशोरी लाल शर्मा जो मूल रूप से लुधियाना से हैं, को भी कमेटी में रखा गया है। उनकी मौजूदगी से टिकट बंटवारे की प्रक्रिया में केंद्रीय नेतृत्व की सीधी निगरानी रहेगी और किसी एक गुट का दबदबा नहीं बन पाएगा।
- हर वर्ग को प्रतिनिधित्व: 42 सदस्यीय इस सूची में पंजाब के सामाजिक और धार्मिक समीकरणों को साधने की स्पष्ट झलक दिखती है। दलित चेहरों के तौर पर चरणजीत सिंह चन्नी, शमशेर सिंह दूलो, राज कुमार वेरका, संतोष चौधरी, साधु सिंह धर्मसोत और डॉ. अमर सिंह को शामिल किया गया है। मनीष तिवारी, जीत इंदर सिंगला, ओम प्रकाश सोनी, भारत भूषण आशु, ब्रह्म मोहिंदरा, डॉ. मालती थापर और अवतार हेनरी के जरिए शहरी व हिंदू वर्ग को जगह दी गई है। अल्पसंख्यक वर्ग से पूर्व मंत्री रजिया सुल्ताना (मुस्लिम चेहरा) और प्रो. इमैनुएल नाहर (ईसाई समुदाय) को कमेटी में शामिल किया गया है। जट्ट सिख नेता के तौर पर प्रताप सिंह बाजवा, सुखजिंदर सिंह रंधावा, राजा वड़िंग, तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा और राणा गुरजीत सिंह ग्रामीण वोट बैंक का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
- मालवा, माझा और दोआबा तीनों पर फोकस: राज्य की सबसे अधिक 69 विधानसभा सीटों वाले मालवा क्षेत्र से चरणजीत सिंह चन्नी, राजा वड़िंग, विजय इंदर सिंगला, भारत भूषण आशु, ब्रह्म मोहिंदरा, बलबीर सिंह सिद्धू और कुशलदीप सिंह ढिल्लों जैसे नेताओं को शामिल किया गया है। माझा इलाका से प्रताप सिंह बाजवा, सुखजिंदर सिंह रंधावा, गुरजीत सिंह औजला, तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, सुखबिंदर सिंह सरकारिया और ओम प्रकाश सोनी को जगह मिली है। दोआबा से चेयरपर्सन परगट सिंह के अलावा संगत सिंह गिलजियां, राणा गुरजीत सिंह, संतोष चौधरी और अवतार हेनरी को रखकर दोआबा इलाका को साधा गया है।
- अनुभव और पूर्व मंत्रियों पर भरोसा: कमेटी में अंबिका सोनी और राजिंदर कौर भट्टल जैसी वरिष्ठ नेत्रियों के साथ पिछली सरकार में मंत्री रहे अधिकांश नेताओं अरुणा चौधरी, गुरकीरत कोटली, रणदीप सिंह नाभा, गुरप्रीत सिंह कांगड़ को रखा गया है। इसके अलावा कैप्टन संदीप संधू और हरदेव सिंह लाडी जैसे नेताओं को शामिल कर जमीनी कार्यकर्ताओं से जुड़ाव बनाए रखने की कोशिश की गई है।
खबर अभी बाकी है!
- पसंद की खबरें
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट
खबर अभी बाकी है!
- मनचाहे अलर्ट
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट







