- Hindi News
- Local
- Punjab
- Ludhiana
- Ludhiana News | Manohar Nagar Residents Catch Drug Peddlers Handed To Police
लुधियाना के आत्मनगर हलके के मनोहर नगर में सरेआम चिट्टा बिक रहा है। मोहल्ले के लोग चिट्टा बेचने वालों से परेशान थे। मंगलवार देर रात लोगों ने ट्रैप लगाया और चिट्टा बेचने वालों को पकड़ा।
मोहल्ले वालों ने रात करीब 12 बजे मोहल्ले में नशा बेचने आए दो कारिंदों को दबोचा और पहले उनकी जमकर धुनाई की। मोहल्ले वालों ने रात में ही पुलिस घटनास्थल पर बुलाई और आरोपियों को उनके हवाले कर दिया।
लोगों ने साफ कर दिया कि अब वो मोहल्ले में जो भी नशा बेचने या खरीदने आएगा वो उनको इसी तरह दबोचेंगे और उनकी छित्तर परेड करेंगे।
वहीं, लोगों ने ने पुलिस कमिश्नर को एक पत्र लिखा है कि मोहल्ले में नशे की वजह से लोग अपने घर बेचने को मजबूर हो रहे हैं और इन हालातों में वो पंजाब छोड़कर किसी अन्य राज्यों में चले जाएंगे।
पब्लिक ने कैसे लगाया नशा बेचने वालों को पकड़ने हेतु ट्रैप, जानिए…
- काफी वक्त से बिक रहा चिट्टा: मोहल्ला निवासी राजेश खोकर ने कहा कि मोहल्ले में काफी वक्त से चिट्टा बिक रहा है। चिट्टा बेचने वाले कभी किसी घर से काम चल रहा थे तो कभी पार्कों या फिर गलियों में खड़े होकर नशा बेच रहे थे। मोहल्ले में कुछ लोगों ने विरोध किया तो नशा बेचने वालों ने उन पर हमला करने की कोशिश तक की।
- बाहर से आते हैं नशेड़ी: उनका कहना है कि मोहल्ले में कुछ लोग नशा बेच रहे हैं और उनके पास नशा खरीदने हेतु दूर दूर से लोग आते हैं। नशेड़ी सरेआम मोहल्ले के पार्क में इंजेक्शन से नशा करते हैं। जिसकी वजह से लोगों ने पार्क में जाना बंद कर दिया।
- मोहल्ले वालों ने की प्लानिंग: राजेश खोकर का कहना है कि जब मोहल्ले में नशेड़ियों का तांता लगने लगा तो लोगों ने नशा बेचने वालों को दबोचने हेतु प्लानिंग की। उन्होंने जानकारी दी कि नशा बेचने वालों को पकड़ने हेतु युवाओं और महिलाओं की टीम बनाई। देर रात में नशेड़ियों को कौन नशा उपलब्ध करवा रहा है उस पर नजर रखी।
- मंगलवार रात दबोचे दो कारिंदे: राजेश खोकर ने कहा कि लोगों ने पहले से ट्रैप लगाया था और मंगलवार रात को जब नशेड़ी आए तो लोगों ने उन्हें नशा देने वाले दो कारिंदों को दबोच लिया। उनका कहना है कि लोगों ने तुरंत पुलिस को फोन किया और घटनास्थल पर बुलाया।
मोहल्ला निवासियों ने पुलिस कमिश्नर को लिखीं ये 5 बड़ी बातें…
- 24 घंटे खुलेआम बिक रहा चिट्टा: मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि गली नंबर 1 और आसपास के इलाकों में 24 घंटे सरेआम चिट्टा बेचा जा रहा है। नशा बेचने वाले कभी गलियों में, कभी घरों में और कभी पार्कों में खुलेआम नशा बेच रहे हैं।
- पार्कों के पास लगाते हैं टीके: तस्करों से नशा खरीदने के लिए दूर-दूर से नशेड़ी मोहल्ले में पहुंच रहे हैं। हालत यह है कि नशेड़ी मोहल्ले के बाहर धार्मिक स्थल के पास और पार्कों में खुलेआम नशे के इंजेक्शन लगाते हैं।
- महिलाओं का निकलना हुआ मुश्किल: नशेड़ियों और तस्करों के डर से मोहल्ले की महिलाओं और बेटियों का पार्कों में जाना और सैर करना बंद हो गया है। पार्क में हर वक्त नशेड़ियों का जमघट लगा रहता है। वहीं, नशे के कारण क्षेत्र के युवाओं की मौत भी हो चुकी है।
- लूटपाट, चोरी और जानलेवा हमला: लोगों का कहना है कि नशे की पूर्ति हेतु नशेड़ी इलाके में चोरी और राहगीरों के साथ लूटपाट जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। जब मोहल्ले वाले नशा तस्करों को रोकते हैं, तो वे मारपीट और लड़ाई-झगड़ा करते हैं। हाल ही में विरोध करने पर तस्करों ने किरपान और तेजधार हथियार से आक्रमण कर एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
- घर बेचकर पंजाब छोड़ने की नौबत: पत्र में निवासियों ने अपना दर्द बयां करते हुए लिखा है कि वे इन नशा तस्करों से इस कदर दुखी हो चुके हैं कि अब अपने घर बेचकर मोहल्ला, जिला और पंजाब प्रदेश छोड़कर किसी दूसरे राज्य में बसना पड़ेगा।







