- Hindi News
- Local
- Punjab
- Bathinda
- Bathinda Road Accident | Speeding Car Hits Stalls, Child Killed
बठिंडा में सोमवार रात को तेज रफ्तार कार ने 4 लोगों को कुचल दिया। इसमें सिर फटने से एक बच्चे की जान चली गई, जबकि महिला समेत 3 लोग घायल हो गए।
हादसे मलोट रोड पर थर्मल प्लांट के सामने हुआ। हरियाणा नंबर की कार ने पहले बाइक को टक्कर मारी। इसके पश्चात कार सड़क किनारे मोमोज स्टॉल के पास खड़े लोगों और बाइक को रौंदती हुई निकल गई।
मृतक बच्चे की पहचान हरमन सिंह (12) निवासी ग्राम गांव दियोण के रूप में हुई है। हादसे के पश्चात कार ड्राइवर गाड़ी घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया।
हरियाणा नंबर की कार ने लोगों को कुचला प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा रात लगभग 8:30 बजे हुआ। कार नंबर HR-51-AM-2900 मलोट की तरफ से तेज रफ्तार में बठिंडा आ रही थी। इसी दौरान ग्राम सिवियां के लिंक रोड की तरफ से आ रहे बाइक को कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के पश्चात ड्राइवर कार पर नियंत्रण नहीं रख सका। इससे कार सड़क किनारे मोमोज स्टॉल के पास खड़े लोगों की तरफ जा घुसी।
100 मीटर दूर जाकर गिरा बच्चा, सिर फटा हादसे के बीच हरमन बाइक पर बैठा था। बेकाबू कार की टक्कर से हरमन उछलकर करीब 100 मीटर दूर जा गिरा। उसका सिर फट गया। इससे उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई।
वहीं, कार की चपेट में आने से खेत सिंह बस्ती निवासी अमृत सिंह (40), ममता (36) और ग्राम सिवियां निवासी पाली (15) जख्मी हो गए।
गाड़ी में मिली शराब की बोतल हादसे के पश्चात ड्राइवर कार घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, ड्राइवर शराब के नशे में था। लोगों का कहना है कि कार के अंदर शराब की बोतल भी मिली है। हालांकि, ड्राइवर के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।हादसे के पश्चात घटनास्थल पर मौजूद लोगों में रोष फैल गया।
गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन हादसे से नाराज लोगों ने सड़क के दोनों तरफ जाम लगाकर रोष प्रदर्शन आरंभ कर दिया और अभियुक्त ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर डीएसपी सिटी-2 अरुण और थाना थर्मल के एसएचओ इंस्पेक्टर हरबंस सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाया और अभियुक्त के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके पश्चात लोगों ने प्रदर्शन खत्म कर सड़क पर यातायात बहाल होने दिया।
पुलिस ने कार कब्जे में ली, ड्राइवर की तलाश डीएसपी सिटी-2 अरुण ने बताया कि कार को कब्जे में ले लिया है। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर ड्राइवर की पहचान की जा रही है। पहचान होने के पश्चात अभियुक्त के खिलाफ केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नौजवान वेलफेयर सोसायटी ने पहुंचाया अस्पताल समाजसेवी संस्था नौजवान वेलफेयर सोसायटी के प्रधान सोनू माहेश्वरी ने बताया कि हादसे की खबर मिलते ही टीम एंबुलेंस लेकर घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने घायलों को तत्काल सिविल चिकित्सालय के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती करवाया। हादसे में जान गंवाने वाले हरमन सिंह का शव सिविल अस्पताल में रखवाया गया है।







