- Hindi News
- Local
- Punjab
- Jalandhar
- The Arrival Of Lord Shri Ram In Ayodhya Was Shown In KMV School.
संस्कृति केएमवी स्कूल में दीपावली का पावन पर्व उत्साह, उमंग और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर को उत्सवी रंगों से सजाया गया, जहां विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मिलकर पर्व की खुशियां साझा कीं। आयोजन की शुरुआत भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन और दीपावली के उल्लास को दर्शाने वाली नृत्य प्रस्तुतियों से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने पर्यावरण-अनुकूल दीपावली विषय पर कविताएं और बालगीत प्रस्तुत किए।
कक्षा पहली से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने दीया सजावट, शुभकामना कार्ड निर्माण, कागज़ के फूलों की लड़ियां बनाना, दीया हैंगिंग, अनुपयोगी वस्तुओं से उपयोगी सामग्री बनाना तथा पिडिलाइट के सहयोग से दीया होल्डर बनाना जैसी गतिविधियों में भाग लिया। अंतर-सदनीय रंगोली प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
प्रधानाचार्या रचना मोंगा ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्टाफ को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि दीपावली भीतर प्रेम, करुणा, सद्भावना और सकारात्मकता का प्रकाश जगाने का अवसर है। उन्होंने जरूरतमंद की सहायता और पटाखों से होने वाले प्रदूषण से बचने पर जोर दिया। कार्यक्रम का समापन आपसी प्रेम, सद्भावना और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ हुआ।







