बच्चों में संस्कार विकसित करने की जिम्मेदारी अब केवल स्कूलों तक सीमित नहीं रही। लुधियाना की संस्था प्रेरणा-पीठ ने इस सत्र में पहली बार अपनी नैतिक शिक्षा मुहिम के प्रश्न पत्र में अभिभावकों के लिए भी अलग खंड जोड़ा, जिसमें 15 हजार से ज्यादा माता-पिता ने घर में आए बदलाव और अपने सुझाव साझा किए। संस्था का मानना है कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में स्कूल के साथ परिवार की भागीदारी भी जरूरी है।

1984 में मंत्र लेखन, वाचन और विचार क्रांति के छोटे प्रयोगों से आरंभ हुई यह यात्रा 2014 में प्रेरणा-पीठ के रूप में व्यवस्थित हुई। आज अभियान 90 स्कूलों के छठी से आठवीं कक्षा तक के 30,834 विद्यार्थियों तक पहुंच चुका है। शुरुआत सातवीं कक्षा के 5,300 से ज्यादा बच्चों से हुई थी, जिसके बाद छठी और आठवीं को भी जोड़ा गया।

पुस्तिकाओं में डॉ. बी.आर. अंबेडकर, भगत पूरन सिंह, डॉ. एम.एस. रंधावा, सुधा मूर्ति, खान सर और डॉ. विकास दिव्यकीर्ति के जीवन प्रसंगों के साथ 10 सूत्री सत्संकल्प शामिल हैं। प्रधानाचार्यों और शिक्षकों की सलाह से हर वर्ष विषयवस्तु बदली जाती है।

विज्ञापनIn-Article Banner

इस साल 70 से 75 प्रतिशत उत्तर पुस्तिकाएं वापस मिलीं, जबकि कुछ स्कूलों में यह आंकड़ा 90 प्रतिशत रहा। अगले सत्र में 30 से 40 स्कूलों में इंटरनल असेसमेंट से अभियान जोड़ने और बीएड कॉलेजों में व्याख्यान आरंभ करने की योजना है।

• मेरी बेटी अब बड़ों का पहले से ज्यादा आदर करती है। काम समय पर करती है और घर के छोटे कामों में मदद को तत्पर रहती है। प्रार्थना व योग से आत्मविश्वास और एकाग्रता बढ़ी है। — पितांबर ठाकुर (पिता, स्नेहा, आठवीं, राष्ट्रीय बाल शिक्षा मंदिर स्कूल) • ⁠जब मेरी बेटी ने नैतिक शिक्षा की पुस्तक पढ़नी प्रारंभ की तो उसमें दया, दान और क्षमा जैसे गुण दिखे।

कहानियां इतनी अच्छी लगीं कि मैंने भी इसे पढ़ा और बहुत कुछ सीखा। - परमजीत सिंह चीमा (पिता, हरगुन कौर चीमा, कक्षा सातवीं, दृष्टि पब्लिक स्कूल, नारंगवाल) • ⁠ जब बच्चे इन गतिविधियों से जुड़ते हैं तो पूरा परिवार अच्छे कामों में शामिल होता है और घर के माहौल में वैचारिक समृद्धि आती है। — रवि कुमार (पिता, जैसिका सभरवाल, कक्षा आठवीं, आत्म देवकी निकेतन)

• सूरज साह (पिता, शिवम कुमार, भारत सेवक आदर्श विद्यालय): प्रतियोगिता हर तीन महीने में हो, सभी प्रतिभागियों को प्रशंसा पत्र मिले और अभिभावकों का व्हाट्सएप ग्रुप बने। • ⁠शिवपाल (पिता, विकास, सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल): केवल लिखने के बजाय प्रैक्टिकल वर्कशॉप, महापुरुषों पर लघु फिल्में, पेंटिंग-भाषण-नाटक प्रतियोगिताएं और अभिभावकों संग मासिक बैठकें हों।

• ⁠अमित जैन (पिता, ध्रुव जैन, डीएवी स्कूल, बीआरएस शहर): बच्चों व अभिभावकों हेतु संयुक्त कार्यशालाएं, डिजिटल टूल्स का सही उपयोग, नियमित फीडबैंक, व्यावहारिक कौशल, तनाव दूर करने को काउंसलिंग और बेहतर प्रदर्शन पर पुरस्कार दिए जाएं।

अधूरा नहीं! पढ़िए पूरा! पढ़ें पूरी खबर दैनिक भास्कर ऐप पर