- Hindi News
- Local
- Punjab
- Amritsar
- Fewer Auspicious Times, Higher Expenses: A Wedding Can Cost Up To Rs 3 Lakh.
पेट्रोल-डीजल के रेट बढ़ने से आई महंगाई का असर किचन से लेकर शादियों के बजट तक दिख रहा है। नवंबर में शादी के 6 और दिसंबर में 10 मुहूर्त हैं। पहले 5 लाख रुपए में होने वाले शादी कार्यक्रम अब 8 लाख रुपए तक पहुंच गए हैं। विवाह मुहूर्तों के आंकड़ों में भी इस वर्ष कमी है। साल 2024 में 71, 2025 में 90 और 2026 में 65 विवाह मुहूर्त हैं, जबकि साल 2027 में 95 से 100 शुभ मुहूर्त होने का अनुमान है। सीमित तारीखों में शादियां निपटाने की होड़ से वेडिंग मार्केट में डिमांड बढ़ी है।
12 दिसंबर तक शुभ तिथियों में मैरिज पैलेस, गार्डन और कैटरिंग की बुकिंग के लिए मारामारी है। ऑयल, घी, रिफाइंड, शुगर, दालें, वेजिटेबल्स, मसाले, प्याज व हलवाइयों के रेट बढ़ने से खर्च बढ़ा है, जबकि गोल्ड-सिल्वर, कपड़े और शॉपिंग का खर्च अलग है। मैरिज गार्डन, कैटरिंग, लाइटिंग, डेकोरेशन, फोटोग्राफी और बैंड-बाजे के कीमत भी बढ़े हैं।
अपनी बेटी की शादी करने वाले छेहर्टा निवासी विजय कुमार और बेटे की शादी करने वाले टुंडा तालाब निवासी प्रीतम सिंह का कहना है कि महंगाई ने कमर तोड़ दी है और पिछले साल के मुकाबले शादी का खर्च 20-30 प्रतिशत बढ़ा है। सात मुख्य खर्चों का हिसाब देखें तो पिछले सीजन में जहां 5 लाख खर्च होते थे। इस सीजन यह राशि बढ़कर साढ़े 8 लाख रुपए तक पहुंच गई है।
यानी एक शादी पर करीब साढ़े तीन लाख रुपए अतिरिक्त खर्च करने पड़ रहे हैं। यह खर्च केवल गार्डन, भोजन, सजावट, मेकअप, फोटोग्राफी और बैंड-बाजे जैसे इंतजामों का है। जबकि कपड़े, ज्वैलरी, उपहार, परिवहन और अन्य पारिवारिक खर्च इसमें शामिल नहीं हैं। शादी का बजट बढ़ने से मध्यम वर्गीय परिवारों के सामने खर्च नियंत्रित करने की चुनौती भी है।
गेस्ट लिस्ट सीमित करना, मेन्यू में बदलाव करना, सामुदायिक भवन या छोटे आयोजन स्थल चुनना और कुछ इंतजामों में कटौती करना ऐसे विकल्प हैं जिन पर परिवार अब विचार कर रहे हैं। वहीं 26 नवंबर को बेटी की शादी करने वाली राणो का कहना है कि मंहगाई की मार की वजह से अब बारात में दोनों तरफ से केवल 35 लोगों को बुलाना पड़ा।
पंडित राधे श्याम ने बताया कि नवंबर-दिसंबर में गिनती के शुभ मुहूर्त होने से परिवारों में जल्दी कार्यक्रम करने की होड़ है, जिससे वेडिंग कारोबार को फायदा और परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। व्यापारियों के अनुसार, पिछले सीजन के मुकाबले अहम सेवाओं के रेट 10 से 20 प्रतिशत बढ़े हैं। सीमित तारीखों की वजह से मैरिज गार्डन और अन्य वेडिंग सेवाओं की डिमांड एक साथ बढ़ी है। परिवार अपनी पसंद की तारीख के लिए एडवांस बुकिंग करा रहे हैं।
एक ही दिन अनेक शादियां होने से गार्डन, कैटरिंग और डेकोरेशन की मांग में तेजी है। कारोबारियों को आशा है कि कम समय में होने वाले आयोजनों से वेडिंग से जुड़े कामकाज को करोड़ों रुपए का बिजनेस मिलेगा। अच्छे होटल में 500 गेस्ट्स के फूड पर ही लगभग 5 लाख रुपए तक खर्च होने का अनुमान है।







