मानसा सरकारी आईटीआई मानसा की छात्रा जसप्रीत कौर ने इलेक्ट्रिकल ट्रेड में पूरे देश में पहला स्थान हासिल कर पंजाब का नाम रोशन किया है। इस शानदार उपलब्धि पर प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने जसप्रीत कौर और उनके इंस्ट्रक्टर गुरबिंदर सिंह को 25-25 हजार रुपए का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने जसप्रीत, उनके माता-पिता, आईटीआई मानसा के प्रिंसिपल और पूरे स्टाफ को बधाई देते हुए बताया कि जसप्रीत की यह लगन राज्य के अन्य युवाओं हेतु प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि नकद इनाम देने का मुख्य उद्देश्य तकनीकी शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन को बढ़ावा देना और विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों को भी बेहतर परिणामों के लिए प्रोत्साहित करना है। बैंस ने आगे बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य के आईटीआई संस्थानों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने समस्त आईटीआई प्रिंसिपलों से अपील की कि वे विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य तय करने के लिए प्रेरित करें, ताकि युवा सही मार्गदर्शन और मेहनत से अपने परिवार और राज्य का गौरव बढ़ा सकें। वहीं, तकनीकी शिक्षा और औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के अतिरिक्त प्रमुख सचिव विकास प्रताप ने भी जसप्रीत की इस कामयाबी को पूरे महकमा के लिए गर्व का क्षण बताया।