फरीदकोट में नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) एम्पलाइज यूनियन की प्रांतीय कमेटी के आह्वान पर हड़ताल कर रहे स्वास्थ्य कर्मचारियों ने वीरवार को शहर में रोष मार्च निकाला। बीती 11 नवंबर 2026 से हड़ताल पर बैठे इन कर्मियों ने राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि मांगें शीघ्र नहीं मानी गईं, तो वे आपातकालीन समेत समस्त स्वास्थ्य सेवाएं ठप करने को मजबूर होंगे। पिछले 15 से 18 वर्षों से सेवाएं दे रहे इन कर्मियों की मुख्य मांग है कि उन्हें स्वास्थ्य विभाग में मर्ज कर नियमित किया जाए और नियमित कर्मियों के बराबर वेतन और भत्ते दिए जाएं। लंबे समय से नियमितीकरण हेतु संघर्ष कर रहे हैं प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे यूनियन पदाधिकारी डॉ. सचिन दीप सिंह, डॉ. दीपशिखा और डॉ. कविता जिंदल ने बताया कि वे लंबे समय से नियमितीकरण हेतु संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2022 के चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी के नेता उनके धरनों में शामिल होकर सरकार बनने पर प्राथमिकता के आधार पर पक्का करने का वादा करते थे। अब सरकार का कार्यकाल खत्म होने में महज डेढ़ महीने का वक्त बचा है, लेकिन मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। यूनियन नेताओं ने स्पष्ट किया कि 11 नवंबर से राज्यभर के एनएचएम कर्मी हड़ताल पर हैं, फिर भी सरकार संजीदगी नहीं दिखा रही है।