- Hindi News
- Local
- Punjab
- Ludhiana
- Booked A Rented Innova And Sat Together, As Soon As They Landed In Ambala, They Took Away 7 Tolas Of Gold, Case Registered
शेरपुर कलां के एक परिवार ने उत्तर राज्य जाने हेतु परिचित दोस्त के भरोसे इनोवा गाड़ी किराए पर ली गई। उसी ने साथियों संग मिलकर सफर के दौरान लगभग 7 तोले सोने के गहनों से भरा बैग गायब कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि दोस्ती के नाते 7 महीने तक राजीनामे का खेल चलता रहा, मगर जब गहने वापस नहीं मिले तो सब्र का बांध टूट गया।
अब थाना मोती शहर पुलिस ने तीनों आरोपियों सतनाम सिंह, पुष्पा देवी और बब्बू के खिलाफ बीएनएस की धारा 305 और 61(2) के तहत केस दर्ज कर लिया है। मुस्लिम कॉलोनी निवासी दुलारवंती ने पुलिस को जानकारी दी कि 5 अप्रैल 2026 को उन्हें परिवार सहित यूपी जाना था। उनके परिचित दोस्त सतनाम सिंह उर्फ मास्टर ने उन्हें इनोवा गाड़ी किराए पर करवाकर दी थी।
सफर शुरू हुआ तो दुलारवंती ने अपना बैग गाड़ी में रखवाया, जिसमें लगभग 7 तोले सोना, दो बालियां, दो कांटे, एक झुमकी, टीका, मंगलसूत्र, दो नथली, एक कोका और कपड़े थे। गाड़ी में सतनाम सिंह के साथ पुष्पा देवी और बब्बू भी सवार हो गए। मार्ग में अंबाला आते ही तीनों गाड़ी से उतर गए। जब परिवार यूपी पहुंचा और सामान संभाला, तो गहनों वाला बैग गायब देख उनके होश उड़ गए। पुलिस के अनुसार, पीड़ित पक्ष और आरोपियों के बीच पहले से दोस्ती थी।
इसी वजह से शुरुआत में केस दर्ज नहीं हुआ और दोनों पक्षों के बीच आपसी राजीनामे की कवायद चलती रही। लेकिन समय बीतने के बाद भी आरोपियों ने जब गहने नहीं लौटाए, तो आखिरकार पीड़ित ने कानून का दरवाजा खटखटाया और 24 नवंबर को एफआईआर दर्ज की गई। पड़ताल अफसर सब-इंस्पेक्टर अजीत सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और उन्हें जल्द ही हिरासत में ले लिया जाएगा।







