जालंधर | भारतीय इंकलाबी मार्क्सवादी पार्टी (आरएमपीआई) ने अकाली दल और भाजपा द्वारा आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर संभावित चुनावी गठजोड़ को अवसरवादी कदम बताते हुए इसकी कड़ी आलोचना की। पार्टी की ओर से जारी संयुक्त वक्तव्य में जनरल सचिव साथी मंगत राम पासला तथा पंजाब प्रदेश समिति के अध्यक्ष व सचिव साथी रतन सिंह रंधावा और साथी परगट सिंह जामाराए ने कहा कि पंजाबियों को अकाली-भाजपा की पिछली संयुक्त सरकारों की जनविरोधी कार्यप्रणाली और भ्रष्टाचार के आरोपों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। वक्तव्य में बताया गया कि उनके शासनकाल में मजदूरों-किसानों, युवाओं और कर्मियों की समस्याओं में बुनियादी सुधार नहीं हुआ।