लुधियाना| एसडीपी सभा (पंजीकृत) और कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष बलबीर कुमार भसीन के नेतृत्व में एसडीपी कॉलेज फॉर वुमन के सामाजिक विज्ञान महकमा ने संविधान दिवस गरिमा और राष्ट्रीय गौरव के साथ मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना के वाचन से हुई। इसके पश्चात संविधान दिवस की शपथ दिलाई गई, जिसमें छात्राओं ने संविधान में निहित मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। विभाग की ओर से छात्राओं को भारतीय संविधान के ऐतिहासिक महत्व से अवगत कराया गया। वक्ताओं ने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा, समानता को बढ़ावा देने और देश की पहचान को आकार देने में संविधान की भूमिका पर प्रकाश डाला। संकाय सदस्यों ने यह भी रेखांकित किया कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह संवैधानिक आदर्शों को बनाए रखे और समाज में सकारात्मक योगदान दे। कार्यवाहक प्राचार्या डॉ. रंजना सूद ने छात्राओं को दैनिक जीवन में संवैधानिक मूल्यों को अपनाने एवं जिम्मेदार और जागरूक नागरिक के रूप में कार्य करने हेतु प्रेरित किया।