थाना बी-डिवीजन के तहत आते सुल्तानविंड रोड स्थित हबीबपुरा की गली नंबर-2 में बुधवार रात 9:06 बजे 3 नकाबपोश लुटेरों ने सुनार कारीगर से 250 ग्राम पिघला सोना लूट लिया, जिसकी कीमत करीब 30 लाख रुपए है।

अभियुक्त बिल्डिंग की पहली मंजिल पर पहुंचे, जहां कारीगर अपने 3 साथियों के साथ सोने के गहने बना रहा था। दो आरोपियों के हाथ में दातर थे, जबकि तीसरे ने कमर पर हाथ रखकर पिस्तौल होने की धमकी दी। शोर मचाने या विरोध करने पर गोली मारने की धमकी देकर लुटेरों ने प्लास्टिक के पैकेट में रखा सोना उठाया और फरार हो गए।

कारीगर के अनुसार, वारदात करीब दो मिनट में हुई। अभियुक्त पैदल आए और पैदल ही निकल गए। बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में उनकी आवाजाही कैद हुई है। घटना के पश्चात कारीगर ने मार्केट प्रेसिडेंट गुरिंदर सिंह को बुलाया और उनके साथ थाना बी-डिवीजन में शिकायत दी।

विज्ञापनIn-Article Banner

पुलिस ने मौके का जायजा लेकर अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज किया है। वारदात के पश्चात इलाके के सुनारों व कारीगरों ने सुरक्षा और गश्त बढ़ाने की मांग की है। एसएचओ गुरजिंदर सिंह ने बताया कि मामले की पड़ताल हेतु पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं।

आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मैं सुनार कारीगर हूं और यूपी का रहने वाला हूं। बुधवार रात तीन साथियों संग पहली मंजिल पर दुकान में सोने के गहने बना रहा था। तभी तीन नकाबपोश अंदर आए।

दो के पास दातर थे और एक सरदार था। आते ही थप्पड़ मारने लगे और एक ने कमर पर हाथ रखकर बताया कि मेरे कोल पिस्तौल आ, जे बोलया या शोर मचाया तां गोली मारदू। इसके बाद वे पैकेट से लगभग 30 लाख रुपए का सोना निकालकर पैंट की जेबों में डालकर भाग गए।

दो मिनट में काम तमाम कर वे निकल गए। मैंने मार्केट प्रेसिडेंट गुरिंदर सिंह को बुलाया और थाना बी-डिवीजन में शिकायत दी। पुलिस सुरक्षा नहीं है, ऐसे में हम कैसे काम करेंगे। क्षेत्र में और भी दुकानें व कारीगर हैं, पुलिस को गश्त बढ़ानी चाहिए। बाहर के सीसीटीवी में अभियुक्त पैदल आते-जाते दिखे हैं और पुलिस ने डीवीआर ले लिया है। - सुनील कुमार, सुनार कारीगर।

अधूरा नहीं! पढ़िए पूरा! पढ़ें पूरी खबर दैनिक भास्कर ऐप पर