लुधियाना| डिजिटल जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना के माध्यम से विवरण दर्ज कराने हेतु चार दिन शेष रहने पर मेयर इंदरजीत कौर और नगर निगम कमिश्नर दमनजीत सिंह मान ने शहरवासियों से वक्त रहते स्व-गणना प्रक्रिया पूरी करने की अपील की। नगर निगम के मुताबिक निवासी अपने घर से ही se.census.gov.in पर जाकर 30 नवंबर 2026 तक अपना विवरण दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना के पश्चात उन्हें एसई-आईडी प्राप्त होगी, जिसे 1 दिसंबर 2026 से शुरू होने वाली घर-घर गणना के दौरान गणनाकर्मी को साझा करना होगा। मेयर प्रिंसिपल इंदरजीत कौर और कमिश्नर दमनजीत सिंह मान ने कहा कि स्व-गणना से वक्त की बचत होगी और नागरिक अधिक सटीक सूचना दे सकेंगे। नागरिकों की सुविधा और प्रश्नों के समाधान हेतु सरकार ने हेल्पलाइन 1800-180-1855 शुरू की है। जो निवासी ऑनलाइन स्व-गणना नहीं कर पाएंगे, वे 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर चरण में गणनाकर्मियों को विवरण दे सकेंगे। स्व-गणना करने वालों को केवल एसई-आईडी देना होगा, किसी अन्य दस्तावेज या ओटीपी की आवश्यकता नहीं होगी।