जालंधर | कुल हिंद अन्नदाता महासभा और जमहूरी किसान सभा पंजाब ने केंद्र और पंजाब सरकार द्वारा मंडियों में धान की खरीद बंद करने के निर्णय की कड़े शब्दों में निंदा की। शहीद सरवण सिंह चीमा भवन, गढ़ा (जालंधर) स्थित प्रांतीय कार्यालय से जारी वक्तव्य में कुल हिंद अन्नदाता महासभा के प्रधान डॉ. सतनाम सिंह अजनाला और जमहूरी किसान सभा पंजाब (ए आई के एम) के जनरल सचिव कुलवंत सिंह संधू ने बताया कि सरकारों का यह तर्क कि धान खरीदने की लिमिट पूरी हो गई है अन्नदाताओं के साथ धोखा है और उनकी मेहनत पर पानी फेरने जैसा है। उन्होंने बताया कि राज्य की धान मंडियों में अब भी लाखों क्विंटल धान बिना बिके खुले आसमान के नीचे या आढ़तियों की दुकानों के सामने पड़ा है, जबकि कृषक दिन-रात अपनी फसल बेचने हेतु मंडियों में परेशान हो रहे हैं।