भास्कर न्यूज | जालंधर युवा रंग उत्सव के दूसरे दिन युवा थिएटर ने चिड़ियाघर नाटक का मंचन किया। प्रस्तुति दो पुरुष पात्रों के बीच वास्तविक वक्त में घटते मनोवैज्ञानिक द्वंद्व पर केंद्रित रही। पार्क की बेंच पर बैठने जैसी सामान्य-सी स्थिति सत्ता, जगह और पूरी तरह गुमनामी में खो जाने से पहले किसी दूसरे इंसान से जुड़ने की तड़प की वजह से संघर्ष में बदलती दिखाई गई। कथानक में जय का चिड़ियाघर जाना आधुनिक समाज पर एक दार्शनिक दृष्टि खोलता है, जहां लोग वर्ग, सामाजिक नियमों और भावनात्मक उदासीनता के चलते अपने ही अदृश्य पिंजरों में कैद होकर एक-दूसरे से कटते जाते हैं। वार्ता के जरिए संबंध बनाने की कोशिश विफल होने पर स्थिति हाथापाई तक पहुंचती है और अंत में जय उस चाकू पर जानबूझकर गिरता है, जिसे उसने जबरन प्रकाश के हाथों में थमाया था। नाटक में डॉ. अंकुर शर्मा और विशेष अरोड़ा ने भूमिकाएं निभाईं। आयोजकों के मुताबिक अगले सप्ताह तलाक और ओवरकोट नाटकों का मंचन किया जाएगा। युवा रंग उत्सव के बीच चिड़ियाघर का मंचन करते कलाकार।