चेक बाउंस से संबंधित मामलों के त्वरित निपटारे हेतु 21 नवंबर को तरनतारन जिला अदालत परिसर सहित पट्टी और खडूर साहिब की सब-डिवीजनल अदालतों में विशेष लोक कोर्ट का कार्यक्रम किया जाएगा। इसमें नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 के तहत दर्ज चेक बाउंस से जुड़े मामलों का आपसी समझौते और सहमति के आधार पर निपटारा किया जाएगा। जिला तथा सत्र न्यायाधीश-कम-चेयरमैन , जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी तरनतारन राजेश कुमार ने बताया कि यह विशेष लोक अदालत राष्ट्रीय कानूनी सेवाएं अथॉरिटी और पंजाब राज्य कानूनी सेवाएं अथॉरिटी के निर्देश पर लगाई जा रही है। उन्होंने बताया कि लोक कोर्ट का मुख्य उद्देश्य संबंधित पक्षों के बीच आपसी सहमति और समझौते के माध्यम से मामलों का शीघ्र, सरल और कम खर्च में निपटारा करवाना है। लोक अदालत के माध्यम से विवाद सुलझने से न सिर्फ दोनों पक्षों के समय और पैसे की बचत होती है, बल्कि आपसी सद्भावना भी बनी रहती है। लोक कोर्ट के संबंध में अधिक जानकारी के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है।