- Hindi News
- Local
- Punjab
- Pathankot
- A Four day Sports Competition Was Organized At Adarsh Modern School.
आदर्श मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल नरोट मेहरा में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, शारीरिक स्वास्थ्य और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चार दिवसीय खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। आयोजन का उद्घाटन स्कूल चेयरमैन शिव कुमार शर्मा ने किया। इसी बीच स्कूली बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रतियोगिता की शुरुआत भारतीय संस्कृति और परंपरा से जुड़े खेलों के साथ हुई। आयोजकों ने आधुनिक खेलों के साथ-साथ पारंपरिक खेलों पर विशेष ध्यान दिया है। इसके तहत कबड्डी, कोकला छपाकी और गिल्ली-डंडा जैसे अनेक पारंपरिक मुकाबले शामिल किए गए। इन खेलों के जरिए विद्यार्थियों को मनोरंजन के साथ-साथ आपसी सहयोग, अनुशासन, एकता, धैर्य और टीम भावना का पाठ पढ़ाया जा रहा है।
चेयरमैन शिव कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते बताया कि खेल शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनसे शारीरिक और मानसिक विकास के साथ आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और मिल-जुलकर काम करने की भावना मजबूत होती है। उन्होंने बताया कि आज के डिजिटल दौर में बच्चों को पारंपरिक खेलों से जोड़ना बेहद जरूरी है ताकि वे अपनी समृद्ध संस्कृति और विरासत को समझ सकें और अगली पीढ़ी तक पहुंचाएं।
प्रिंसिपल आरती मेहरा और स्कूल प्रबंधन ने कहा कि ये खेल प्रतियोगिता 11 से 14 नवंबर तक चलेगी। इन चार दिनों में अनेक प्रकार के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। अंतिम दिन उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रबंधन के मुताबिक इस कार्यक्रम का प्रमुख मकसद विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ शारीरिक गतिविधियों से जोड़ना और स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन व सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना है।







