अबोहर में स्कूटी सवार से ढाई लाख रुपए छीनने के मामले में पुलिस ने अभियुक्त सतपाल सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 60 हजार रुपए नकद और एक बाइक बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन का रिमांड हासिल किया है।

मॉडल टाउन निवासी विनोद नारंग ने पुलिस को बताया कि 25 नवंबर की दोपहर वह मकान की रजिस्ट्री कराने हेतु ढाई लाख रुपए लिफाफे में रखकर स्कूटी से रोटरी चौक जा रहे थे। रास्ते में बाइक सवार युवक उनकी शर्ट की जेब से रुपयों का लिफाफा छीनकर फरार हो गया।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान

विज्ञापनIn-Article Banner

थाना प्रभारी परमजीत कुमार के मुताबिक, थाना नंबर एक में शिकायत दर्ज होने के पश्चात मामले की पड़ताल हवलदार स्वराज सिंह को सौंपी गई थी। पुलिस टीम ने अलग-अलग रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान की गई।

पुलिस ने सतपाल उर्फ बब्बर, जसवीर सिंह निवासी कुंडल के रूप में आरोपी की पहचान की। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

नहर के पास से बाइक सहित पकड़ा

थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि पुलिस ने तकनीकी माध्यमों की सहायता से सतपाल सिंह को गोबिंदगढ़ के निकट नहर के पास से बाइक सहित गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से लगभग 60 हजार रुपए नकद बरामद हुए हैं। पुलिस को आशंका है कि बाकी रकम अभियुक्त ने नशे में खर्च कर दी, हालांकि इस संबंध में जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर पहले भी लड़ाई-झगड़े, असलहा और चोरी से जुड़े करीब चार मामले दर्ज हैं। उसे कोर्ट में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। रिमांड के बीच अभियुक्त से छीनी गई बाकी रकम के बारे में पूछताछ की जाएगी। बरामद बाइक की भी पड़ताल की जा रही है कि वह आरोपी की है या चोरी की।

अधूरा नहीं! पढ़िए पूरा! पढ़ें पूरी खबर दैनिक भास्कर ऐप पर