- Hindi News
- Local
- Punjab
- Ludhiana
- ED Chargesheet In SP Oswal Digital Arrest Case | Nepal Mastermind PRIST
लुधियाना के वर्धमान ग्रुप के चेयरमैन एस.पी. ओसवाल से 7 करोड़ रुपए की डिजिटल अरेस्ट ठगी के प्रकरण में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ा एक्शन लिया है।
ED के जालंधर जोनल ऑफिस ने 25 नवंबर 2026 को जालंधर की स्पेशल PMLA अदालत में 7 आरोपियों के खिलाफ सप्लीमेंट्री प्रॉसिक्यूशन कंप्लेंट (सप्लीमेंट्री चार्जशीट) दाखिल की है।
ED ने शनिवार 28 नवंबर को प्रेस नोट जारी कर इस पूरी कार्रवाई और अब तक की पड़ताल का ब्योरा साझा किया है। जिन 7 आरोपियों के खिलाफ यह सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की गई है उनमें प्रमुख हैंडलर सोहेल अख्तर उर्फ राजू, अमरचंद सरकार, शेख रमजान अली, राकेश अली, गुलाम मोर्तुजा, आलोक रंगी और फर्म मेसर्स रिग्लो वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं।
नेपाल के PRIST के इशारे पर चलता था खेल, ED ने जारी की फोटो
ED की पड़ताल में सामने आया है कि रिग्लो वेंचर्स के बैंक खातों को सोहेल अख्तर उर्फ राजू ऑपरेट करता था। राजू इस सिंडिकेट का प्रमुख हैंडलर था जो लोगों को भर्ती कर म्यूल (किराए के) बैंक खातों का इंतजाम करता था।
वह यह पूरा काम नेपाल में बैठे अपने विदेशी साथी के इशारे पर करता था, जो छद्म नाम (Pseudonym) PRIST से ऑपरेट करता है। ED ने आज जारी प्रेस नोट में आरोपी PRIST की तस्वीर भी सार्वजनिक की है। म्यूल खाते उपलब्ध कराने के बदले राजू को क्रिप्टोकरेंसी (VDA) में कमीशन मिलता था।
लोन और नौकरी का झांसा देकर खुलवाते थे खाते
जांच में खुलासा हुआ है कि साइबर ठग आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को लोन दिलाने या नौकरी देने का झूठा झांसा देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। ठगी के पैसे को फर्जी (शेल) कंपनियों के जरिए घुमाया गया और ट्रेड-बेस्ड मनी लॉन्ड्रिंग (TBML) के जरिए भारत से बाहर भेजा गया। रिग्लो वेंचर्स के खाते में आए पैसों को 2 से 5 लाख रुपए के छोटे हिस्सों में कई म्यूल खातों में ट्रांसफर किया गया और तुरंत कैश निकाल लिया गया। वहीं फ्रोजनमैन वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स के खातों को गुवाहाटी की रूमी कलिता और कानपुर का अर्पित राठौर कंट्रोल करते थे। पैसों को तेजी से ट्रांसफर करने हेतु अभियुक्त AMMFORWARD नाम की एक APK ऐप का इस्तेमाल करते थे। अर्पित राठौर ने कंबोडिया और वियतनाम में बैठे ठगों को भी म्यूल अकाउंट मुहैया कराए थे।
ऐसे घुमाए गए थे ठगी के 7 करोड़ रुपए
साइबर ठगों ने जांच एजेंसियों और ज्यूडिशियरी का अफसर बनकर एस.पी. ओसवाल को डिजिटल अरेस्ट किया और उनसे 7 करोड़ रुपए ऐंठ लिए थे। 4 करोड़ रुपए: सबसे पहले फ्रोजनमैन वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स के खाते में गए। इसमें से 3.40 करोड़ रुपए वापस एस.पी. ओसवाल के पास (रिकवरी/ट्रांजेक्शन) और 60 लाख रुपए जमान स्क्रैप के खाते में ट्रांसफर हुए।
3 करोड़ रुपए: रिग्लो वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड' के खाते में गए। इसमें से 1.53 करोड़ रुपए एस.पी. ओसवाल के खाते में और बाकी 1.47 करोड़ रुपए 48 अन्य लोगों के खातों में ट्रांसफर कर दिए गए। कब क्या हुआ? जानिए केस की पूरी टाइमलाइन
- FIR और पड़ताल की शुरुआत: लुधियाना के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में BNSS, 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत डिजिटल अरेस्ट की FIR दर्ज हुई, जिसके आधार पर ED ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच प्रारंभ की।
- 23 दिसंबर 2025: ED ने प्रकरण में पहली बड़ी गिरफ्तारी करते हुए गुवाहाटी से रूमी कलिता को पकड़ा।
- 31 दिसंबर 2025: कानपुर के रहने वाले दूसरे प्रमुख आरोपी अर्पित राठौर को गिरफ्तार किया गया।
- 14 फरवरी 2026: ED ने प्रोविजनल अटैचमेंट ऑर्डर (PAO) जारी कर आरोपियों की 1.76 करोड़ रुपए की संपत्ति अटैच की।
- 19 फरवरी 2026: ED ने पहली चार्जशीट (प्रॉसिक्यूशन कंप्लेंट) दाखिल की। इसमें रूमी कलिता, अर्पित राठौर, आनंद चौधरी, अतानु चौधरी और उसकी फर्म 'फ्रोजनमैन वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स' को अभियुक्त बनाया गया।
- 28 सितंबर 2026: ED ने तीसरी बड़ी गिरफ्तारी करते हुए रिग्लो वेंचर्स के हैंडलर सोहेल अख्तर उर्फ राजू को दबोचा।
- 25 नवंबर 2026: जालंधर की स्पेशल PMLA अदालत में सोहेल अख्तर उर्फ राजू समेत 7 आरोपियों के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की गई।
- 28 नवंबर 2026: ED ने प्रेस नोट जारी कर सप्लीमेंट्री चार्जशीट और नेपाल के हैंडलर PRIST की तस्वीर की जानकारी साझा की। मामले में आगे की जांच अभी जारी है।







