- Hindi News
- Local
- Punjab
- Gurdaspur
- Gurdaspur Sacrilege Controversy | AAP MC Accused, CCTV Footage Probed
कादियां के नजदीकी गांव ढल्ला मोड़ में निशान साहिब की बेअदबी के आरोपों को लेकर सियासी और धार्मिक माहौल गरमा गया है। इस मामले में ग्राम ढल्ला निवासी मंगल सिंह के परिवार व निहंग सिंह संगठनों ने आम आदमी पार्टी के मौजूदा एमसी गगनदीप सिंह और पूर्व एमसी विजय
वहीं, एमसी गगनदीप सिंह ने निशान साहिब की बेअदबी के लगाए जा रहे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए जमीन की मालिकाना रजिस्ट्री व अदालती फैसले का हवाला दिया। एमसी गगनदीप सिंह ने बताया कि वे खुद गुरु को मानने वाले हैं सभी इल्जाम बेबुनियाद हैं। प्रकरण का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। परंतु, उसमें बेअदबी जैसी कोई बात दिखाई नहीं दे रही।
पहले आग लगाने की कोशिश, फिर जेसीबी से उखाड़ा
गांव ढल्ला निवासी मंगल सिंह की परिजन जसविंदर कौर ने घटना के संबंध में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पहले दो लोग घटनास्थल पर आकर हालत देख गए और पश्चात में कई गाड़ियों में सवार होकर भारी संख्या में लोग वहां पहुंचे। उनका आरोप है कि आरोपियों ने पहले निशान साहिब के पास पराली व झाड़ियां डालकर आग लगाने की कोशिश की और फिर जेसीबी मशीन मंगवाकर निशान साहिब को उखाड़ दिया।
जसविंदर कौर ने यह भी इल्जाम लगाया कि घटनास्थल पर विरोध करने पर मंगल सिंह को बांधकर आग लगाने जैसी धमकियां दी गईं। उन्होंने दावा किया कि यह जमीन उनके ससुर द्वारा रजिस्ट्री करवाई गई थी और साढ़े चार वर्ष से उनके पास है।
निहंग सिंह संगठनों की चेतावनी, कार्रवाई न हुई तो लगाएंगे बड़े स्तर पर मोर्चे
घटना की सूचना मिलने के पश्चात घटनास्थल पर पहुंचे निहंग सिंह संगठनों के प्रतिनिधियों ने बिखरे पड़े कपड़ों व निशान साहिब के अवशेष दिखाते हुए कड़ा रोष व्यक्त किया। निहंग सिंहों ने कहा कि भाई मंगल सिंह ने दल पंथ को इस स्थान पर 10 मरले जगह दान दी थी, जहां निशान साहिब सुशोभित था, जिसे कुछ लोगों ने जबरन उखाड़कर बेअदबी की है।
उन्होंने कहा कि वे कानून को अपने हाथ में नहीं लेना चाहते, लेकिन यदि प्रशासन ने बेअदबी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई व एफआईआर दर्ज नहीं की, तो निहंग सिंह दल पंथ की फौजें गुरमति विचार कर कड़ा फैसला लेंगी और बड़े स्तर पर मोर्चे लगाए जाएंगे।
एमसी की सफाई, बेअदबी का आरोप निराधार
वहीं, दूसरी ओर मौजूदा एमसी गगनदीप सिंह ने अपने ऊपर लगे बेअदबी के सभी आरोपों को झूठा व निराधार बताया है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं 'गुरु के बच्चे' हैं और किसी भी निशान साहिब की बेअदबी करने की सोच भी नहीं सकते। जमीन का विवाद स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि 2019 में राकेश भट्टी ने बलदेव सिंह से यह जमीन खरीदी थी, जिससे उन्होंने यह भूमि खरीदी है। वर्तमान में इस जमीन की आधी रजिस्ट्री उनकी माता रजिंदर कौर के नाम पर और आधी उनके साथी जीत कुमार की भाभी बलविंदर कौर के नाम पर है, तथा कब्जा भी उन्हीं के पास चला आ रहा है।
कोर्ट ने उनके हक में दिया है फैसला
गगनदीप सिंह के मुताबिक, बलदेव सिंह के भाई द्वारा दायर किए गए दीवानी मामले में अदालत ने राकेश भट्टी के हक में डिकरी जारी कर निर्माण का अधिकार दिया था, जिसके दस्तावेज वे प्रशासन को सौंपने हेतु तैयार हैं। उन्होंने कहा कि किसी की निजी मालिकाना जमीन पर बिना किसी लिखित प्रमाण के निशान साहिब लगाना उचित नहीं है।
गगनदीप ने कहा कि यदि मंगल सिंह ने यह जमीन दान दी है तो वे नायब तहसीलदार कार्यालय जाकर इसकी रजिस्ट्री और निशानदेही करवाएं, वहां निशान साहिब लगाने पर उन्हें कोई एतराज नहीं होगा।
फिलहाल पुलिस ने मंगल सिंह की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है और दोनों पक्षों के बयानों व दस्तावेजों के आधार पर पड़ताल की जा रही है।







