- Hindi News
- Local
- Punjab
- Ludhiana
- Specialist Doctors Have Not Been Recruited For Four Years; The Health Department Has Now Announced The Recruitment Of 78 Retired Doctors.
पंजाब के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी के बावजूद स्वास्थ्य विभाग नियमित भर्ती करने के बजाय सेवानिवृत्त डॉक्टरों के सहारे स्वास्थ्य सेवाएं चलाने की तैयारी कर रहा है। प्रदेश में डॉक्टरों के लगभग एक हजार पद खाली पड़े हैं, लेकिन इन्हें भरने के लिए नियमित भर्ती प्रक्रिया आरंभ करने की बजाय विभाग ने 78 कंसल्टेंट पदों पर रिटायर्ड डॉक्टरों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की है। ऐसे में प्रश्न उठ रहे हैं कि स्थायी डॉक्टरों की भर्ती से गुरेज कर स्वास्थ्य महकमा आखिर कब तक रिटायर्ड डॉक्टरों के भरोसे चिकित्सालय चलाएगा?
जानकारी के अनुसार प्रदेश में मेडिकल स्पेशलिस्ट कुल 2,098 स्वीकृत पद हैं। िजसमें लगभग 1,000 पद ही भरे हुए हैं। साल 2022 के पश्चात से नियमित पीसीएमएस स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की भर्ती की कोई प्रक्रिया शुरू नहीं हुई। अब सेहत महकमा अब 78 कंसल्टेंट पदों पर नियुक्ति कर रहा है। जिसमें एनेस्थीसिया, जनरल सर्जरी, ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी, जनरल मेडिसिन, सायकॅट्रिक्स,रेडियोलॉजी, पीडियाट्रिक्स, चेस्ट एंड ट्यूबरकुलोसिस, ईएनटी, आई, ऑर्थोपेडिक्स और डर्मेटोलॉजी सहित 12 विशेषज्ञताओं को शामिल किया गया है।
इनके लिए 58 से 64 वर्ष के डॉक्टर्स आवेदन कर सकेंगे। वह दो से 11 नवंबर तक आवेदन कर सकते है और 12 नवंबर को उनका इंटरव्यू होगा। यह पहला मौका नहीं है जब स्वास्थ्य महकमा ने सेवानिवृत्त की मदद लेने का निर्णय किया है। जुलाई 2025 में भी महकमा ने 100 रिटायर्ड मेडिकल स्पेशलिस्ट को एक वर्ष के अनुबंध पर रखने हेतु आवेदन मांगे थे। इसके अतिरिक्त अब विभाग ने मासिक इंटरव्यू की व्यवस्था भी शुरू की है। इसके तहत किसी भी कार्यदिवस पर आवेदन जमा करवाए जा सकते हैं और हर महीने के दूसरे मंगलवार को वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे।







