शहरवासियों को हर मौसम में तैराकी का आनंद देने के उद्देश्य से स्मार्ट सिटी मिशन के तहत रख बाग में बनाया गया 7 करोड़ रुपए का अत्याधुनिक ऑल-वेदर स्विमिंग पूल महज एक शोपीस बनकर रह गया है। जुलाई 2025 में बनकर तैयार हुए इस पूल को लेकर उम्मीद थी कि लोग इसमें हर सीजन का लुत्फ उठा सकेंगे, परंतु सरकारी सुस्ती ने इन उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।

आलम यह है कि लोग पिछली गर्मियों के सीजन में भी इस पूल का आनंद नहीं ले पाए और अब जब कड़ाके की सर्दी दस्तक दे रही है, तब भी लोगों को इस नए पूल के मुख्य गेट पर ताला ही नजर आ रहा है।

सामान्य तौर पर सर्दियों के मौसम में गर्म पानी वाले स्विमिंग पूल की सुविधा नगर के बड़े और महंगे होटलों या निजी क्लबों में ही उपलब्ध होती है, जहां की फीस आम आदमी की जेब से बाहर होती है। यदि रख बाग का यह सरकारी ऑल-वेदर पूल वक्त पर शुरू हो जाता तो नगर के आम नागरिकों, फिटनेस प्रेमियों और बच्चों को सर्दी के सीजन में बड़े होटलों के मुकाबले बेहद सस्ता और सुलभ विकल्प मिल जाता।

विज्ञापनIn-Article Banner

मगर प्रशासनिक अनदेखी की वजह से लोग इस बुनियादी सुविधा से वंचित हैं। 7 करोड़ रुपए खर्च करने के बाद भी यह पूल किसी के काम नहीं आ रहा है। इसके पीछे नगर निगम, स्मार्ट सिटी मिशन और खेल विभाग के बीच आपसी तालमेल की कमी प्रमुख कारण बताई जा रही है। पूल के संचालन की जिम्मेदारी कौन संभालेगा, इसके रखरखाव और पानी गर्म रखने (हीटिंग सिस्टम) का खर्च कौन उठाएगा और स्टाफ की तैनाती कैसे होगी, इन उलझनों के बीच प्रोजेक्ट अधर में लटका है।

इस प्रोजेक्ट को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। जुलाई 2025 में निर्माण पूरा होने के पश्चात भी यह महीनों बंद रहा। इसके बाद इसी साल मई में तत्कालीन डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने स्कूली बच्चों और अन्य मेहमानों की मौजूदगी में इसका औपचारिक उद्घाटन किया था। उस दिन बच्चे स्विमिंग कॉस्ट्यूम पहनकर पूल में नहाने के उत्साह के साथ पहुंचे थे, लेकिन वह कार्यक्रम महज फोटो खिंचवाने तक सीमित रहा।

उद्घाटन के फौरन पश्चात पूल पर दोबारा ताला जड़ दिया गया, जिससे पूरी गर्मी का सीजन यूं ही निकल गया और लोग हाथ मलते रह गए। संचालन और रखरखाव का टेंडर लगाया है: निगम के एक्सईएन अरविंद ने बताया कि पूल के संचालन और रखरखाव हेतु टेंडर जारी किए गए हैं। जो भी कंपनी इसके टेंडर में कामयाब होगी, उसे काम अलॉट कर दिया जाएगा और उसके पश्चात ही आम लोगों हेतु शुरू होगा।

खबर अभी बाकी है!

  • पसंद की खबरें
  • खबर सबसे तेज
  • लाइव अपडेट

खबर अभी बाकी है!

  • मनचाहे अलर्ट
  • खबर सबसे तेज
  • लाइव अपडेट