भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित BOP पहाड़ीपुर के नजदीक बीएसएफ की गोलीबारी में मारे गए पाकिस्तानी घुसपैठिए की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने घुसपैठिए के शव को पहचान हेतु अगले 72 घंटे तक सिविल चिकित्सालय पठानकोट की मोर्चरी में रखवाया गया है।

बता दें, थाना नरोट जैमल सिंह पुलिस ने घुसपैठिए को 5 गोलियां मारी थीं। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही जान चली गई। भारतीय सीमा में अनधिकृत रूप से प्रवेश करने के आरोप में थाना नरोट जैमल सिंह पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय पासपोर्ट अधिनियम 1920 की धारा 3 और इमीग्रेशन व विदेशी अधिनियम 2025 की धारा 23 के अंतर्गत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

तड़के 2:05 बजे मोर्चे पर तैनात जवानों ने की फायरिंग

विज्ञापनIn-Article Banner

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक 27 नवंबर को एएसआई प्रेम नाथ पुलिस पार्टी के साथ गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में अड्डा कोहलियां इलाका में मौजूद थे। इसी दौरान सूचना मिली कि बीओपी पहाड़ीपुर के पास पाकिस्तान की तरफ से एक अज्ञात व्यक्ति अनधिकृत रूप से भारतीय सीमा के भीतर दाखिल हो गया है और ड्यूटी पर तैनात बीएसएफ जवानों की गोलीबारी में उसकी मृत्यु हो गई है।

इंसास राइफल से दागे गए कुल 5 राउंड

घटनास्थल पर पहुंचे एएसआई प्रेम नाथ को बीएसएफ की 109 बटालियन की 'ए' कंपनी के कंपनी कमांडर ने एक आधिकारिक पत्र सौंपा। पत्र के मुताबिक 27 नवंबर को मोर्चा नंबर 5 और 6 पर ड्यूटी कर रहे कांस्टेबल अशोक महतो और कांस्टेबल केल्विन लोइंग ने तड़के लगभग 2:05 बजे एक अज्ञात पाकिस्तानी नागरिक को सीमा पार कर भारतीय इलाका में घुसते देखा। उसे रोकने हेतु कांस्टेबल अशोक महतो ने अपनी इंसास राइफल से 4 राउंड और कांस्टेबल केल्विन लोइंग ने 1 राउंड फायर किया, जिससे मौके पर ही अज्ञात पाकिस्तानी नागरिक की जान चली गई।

चेतावनी अनसुनी कर आगे बढ़ा था घुसपैठिया

थाना नरोट जैमल सिंह के मुख्य अफसर एसआई दलजीत सिंह ने बताया कि 26 और 27 नवंबर की दरम्यानी रात पहाड़ीपुर पोस्ट के इलाका में एक अज्ञात व्यक्ति अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में घुसने का प्रयास कर रहा था। सीमा पर तैनात बीएसएफ के जवानों ने उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन वह चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए आगे बढ़ता रहा। इसके बाद जवानों द्वारा की गई फायरिंग में उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। प्रारंभिक सूचना के अनुसार मृतक पाकिस्तानी घुसपैठिया कहा जा रहा है।

मृतक का हुलिया और पहचान संबंधी विवरण

एसएचओ दलजीत सिंह के अनुसार, मृतक की पहचान न हो पाने की वजह से शव को शिनाख्त के लिए 72 घंटे तक सिविल अस्पताल पठानकोट की मोर्चरी में रखा गया है। पुलिस के मुताबिक मृतक की अनुमानित उम्र लगभग 22 से 23 वर्ष, कद तकरीबन 5 फीट 4 इंच, सांवला रंग, शरीर मध्यम, दाढ़ी और केश कटे हुए और उसने काले रंग का कुर्ता-पायजामा पहना था।

जानकारी देने हेतु पुलिस ने जारी किए संपर्क नंबर

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मृतक की पहचान या किसी भी तरह की जानकारी मिलने पर नीचे दिए गए नंबरों पर संपर्क कर पुलिस का सहयोग करें। पुलिस के अनुसार मुख्य अधिकारी, थाना नरोट जैमल सिंह: 98800-06146, मुख्य मुंशी थाना नरोट जैमल सिंह 70090-95302 और पुलिस कंट्रोल रूम, पठानकोट 87280-33500 को इन नंबरों पर सूचना दी जा सकती है।

अधूरा नहीं! पढ़िए पूरा! पढ़ें पूरी खबर दैनिक भास्कर ऐप पर