शहर की पॉश मानी जाने वाली मल्हार रोड पर रात विशेष नाकाबंदी के बीच एक 20 वर्षीय युवक ने पुलिसकर्मी पर अपनी तेज रफ्तार काले रंग की थार गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया और मौके से फरार हो गया। नाके पर उस वक्त डीसीपी और एसीपी स्तर के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। थाना डिवीजन नंबर-5 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पीछा कर अभियुक्त चालक को दबोच लिया और उसकी थार गाड़ी बरामद कर ली।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। अभियुक्त की पहचान पटेल नगर (गली नंबर-3, मकान नंबर-750/1) निवासी वैभव (20) पुत्र विकास अरोड़ा के रूप में हुई है।

थाना डिवीजन नंबर-5 में तैनात सिपाही तरसेम सिंह (नंबर 3165) ने पुलिस को दिए वक्तव्य में जानकारी दी कि 18 नवंबर की रात करीब 9 बजे वह थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हमराज सिंह चीमा और अन्य पुलिस टीम के साथ मल्हार रोड स्थित सिटी मॉल के सामने नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस विशेष चेकिंग अभियान के दौरान डीसीपी और एसीपी भी नाके पर मौजूद थे।

विज्ञापनIn-Article Banner

नाके पर रुकने का इशारा किया तो पहले धीमी की फिर भगाई गाड़ी- सिपाही तरसेम सिंह के मुताबिक, इसी दौरान फिरोजपुर रोड की ओर से एक काले रंग की थार गाड़ी (नंबर PB91U-2021) बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से आती दिखाई दी। जब पुलिसकर्मी ने चेकिंग हेतु हाथ देकर रुकने का इशारा किया, तो चालक ने पहले अपनी गाड़ी धीमी कर ली।

परंतु जैसे ही पुलिसकर्मी जांच हेतु गाड़ी के पास पहुंचे, आरोपी ने अचानक गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और सिपाही तरसेम सिंह की ओर मोड़कर उन पर चढ़ाने का प्रयास किया। सिपाही ने किसी प्रकार फुर्ती दिखाते हुए खुद को बचाया, जिसके पश्चात अभियुक्त मौके से फरार हो गया। घटना के तत्काल पश्चात पुलिस मुलाजिमों ने गाड़ी का पीछा शुरू किया और साथ ही कंट्रोल रूम व ट्रैफिक कर्मचारियों को भी मैसेज भेजकर अलर्ट कर दिया।

पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कुछ ही देर में आरोपी वैभव को हिरासत में ले लिया और थार गाड़ी को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 62, 221 और 132 के तहत केस दर्ज कर गुरुवार को उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

खबर अभी बाकी है!

  • पसंद की खबरें
  • खबर सबसे तेज
  • लाइव अपडेट

खबर अभी बाकी है!

  • मनचाहे अलर्ट
  • खबर सबसे तेज
  • लाइव अपडेट