जालंधर | मोगा जिले में मुख्यमंत्री की रैली के मद्देनजर संविधान दिवस पर पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर प्रदर्शन की तैयारी कर रहे सीपीएफ मुलाजिम यूनियन पंजाब के नेताओं को पुलिस ने घरों और थानों में नजरबंद कर दिया। यूनियन के मुताबिक प्रदेश अध्यक्ष सुखजीत सिंह डिंपी और जालंधर के जिला अध्यक्ष कमलजीत सिंह सहित अनेक जिलों के अध्यक्षों व मुख्य पदाधिकारियों को सुबह से ही रोका गया। घटना की निंदा करते हुए सुखजीत सिंह डिंपी और कमलजीत सिंह ने बताया कि सरकार कर्मियों के संघर्ष से बौखलाई हुई है और मांगें मानने के बजाय नजरबंदी के जरिए आंदोलन को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर को यूनियन के साथ प्रस्तावित मीटिंग भी नहीं हो सकी, जबकि पहले ही घोषणा की गई थी कि मीटिंग न होने पर मुख्यमंत्री का विरोध किया जाएगा। नेताओं ने जानकारी दी कि सरकार ने 3 दिसंबर को पुरानी पेंशन के मुद्दे पर वार्ता हेतु पत्र जारी किया है। यूनियन ने बताया कि यदि मीटिंग में समाधान नहीं निकला तो 18 दिसंबर को प्रदेश स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।