- Hindi News
- Local
- Punjab
- Mohali
- Mohali Attack: Rocky Valmiki Family Protests Against Drug Peddlers
मोहाली के बलौंगी में सामाजिक कार्यकर्ता रॉकी वाल्मीकि और उनके परिवार ने कुछ लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। परिवार का इल्जाम है कि हमलावर क्षेत्र में नशा तस्करी करने वाले हैं और रॉकी की ओर से उनके खिलाफ भूख हड़ताल किए जाने से नाराज थे। घटना के विरोध
रॉकी वाल्मीकि और उनका परिवार पास्टर बलजिंदर सिंह रेप केस में पीड़ित परिवार के साथ रहा है। इस प्रकरण में पास्टर बलजिंदर सिंह को सजा दिलवाने में परिवार की अहम भूमिका रही थी। परिवार को इसी केस की वजह से सुरक्षा भी उपलब्ध करवाई गई है।
नशा तस्करों के खिलाफ भूख हड़ताल पर बैठे थे रॉकी
रॉकी वाल्मीकि की पत्नी ने जानकारी दी कि उनके पति पिछले कई दिनों से क्षेत्र के कुछ नशा तस्करों के खिलाफ भूख हड़ताल पर बैठे थे। उनका इल्जाम है कि इस हड़ताल की वजह से संबंधित लोगों का नशे का कारोबार प्रभावित हो रहा था और वे परेशान थे।
पत्नी के मुताबिक, इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने उनके पति और उनके गनमैन पर हमला करने की कोशिश की। परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
गनमैन के साथ भी हाथापाई, शरीर पर आईं खरोंचें
पीड़ित परिवार की ओर से बताया गया कि रॉकी की पत्नी अपनी गाड़ी में बाजार जा रही थीं। उनके साथ गनमैन भी मौजूद था। पास्टर बलजिंदर सिंह केस की वजह से परिवार को सुरक्षा दी गई है।
इल्जाम है कि इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और हमला कर दिया। जब गनमैन ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उसके साथ भी हाथापाई की गई। परिवार के अनुसार, गनमैन के शरीर पर कई जगह खरोंचें आई हैं।
थाने का घेराव, पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिया
घटना के पश्चात स्थानीय लोग एकजुट होकर बलौंगी थाने पहुंचे और घेराव किया। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। डीएसपी खरड़ और थाना प्रभारी जसप्रीत सिंह ने पीड़ित परिवार को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद घेराव खत्म कर दिया गया।
बलौंगी थाना प्रभारी जसप्रीत सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है। परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की पड़ताल की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।







