- Hindi News
- Local
- Punjab
- Tarn
- Tarn Taran Theft | Doctor House Looted Of Cash Gold Diamonds Dollars
तरनतारन में विदेश गए चिकित्सक के घर से नकदी, सोने-हीरे के गहने, अमेरिकी डॉलर और यूरो चोरी हो गए। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
थाना सिटी तरनतारन के एएसआई गुरप्रीत सिंह ने कहा कि छानबीन के पश्चात केस दर्ज किया गया। शिकायत हरसुखमन चिकित्सालय चलाने वाले चिकित्सक जोगिंदर सिंह ने दी है। वह कुंदन सिंह के बेटे हैं और सुरसिंह के रहने वाले हैं। फिलहाल उनका घर झबाल रोड पर खालसा कॉलेज के पास है।
13 दिन पहले अमेरिका गया परिवार
डॉक्टर जोगिंदर सिंह ने बताया कि 13 नवंबर को वह परिवार के साथ घरेलू काम से अमेरिका गए थे। उन्होंने घर पर ताला लगाया और अस्पताल की देखभाल मुंडापिंड निवासी हरजिंदर सिंह को सौंपी थी। अस्पताल की ओर खुलने वाले छोटे दरवाजे की चाबी भी हरजिंदर सिंह को दी थी।
23 नवंबर को चिकित्सक ने फोन कर हरजिंदर सिंह से घर की सफाई करने को कहा। हरजिंदर सिंह चिकित्सालय की ओर का दरवाजा खोलकर अंदर गए। उन्होंने देखा कि बेडरूम के दरवाजे का ताला टूटा था और कमरे की अलमारी खुली थी। उन्होंने वीडियो कॉल कर चिकित्सक को इसकी जानकारी दी।
वापस लौटने पर बिखरा पड़ा मिला सामान
चिकित्सक के घर लौटने पर सामान बिखरा मिला। अलमारी से महिलाओं के सोने के तीन सेट (10 तोले), हीरे के दो सेट (2 तोले), पुरुषों की सोने की चार अंगूठियां (2 तोले), महिलाओं की अंगूठियां (3 तोले) और महिलाओं का चेन सेट (5 तोले) चोरी था।
इसके साथ ही पुरुषों के सोने के दो कंगन (डेढ़ तोला), महिलाओं का एक सोने का कंगन (1 तोला), महिलाओं के छोटे कांटे (डेढ़ तोला) और हीरे की एक सफेद अंगूठी (आधा तोला) भी गायब थी।
चोर 9 लाख 50 हजार रुपए नकद, 1,300 अमेरिकी डॉलर और 300 यूरो भी ले गए। शिकायत के अनुसार, नकदी खेती और चिकित्सालय के काम की थी।







