बठिंडा जिले में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना सिटी रामपुरा पुलिस ने एक युवक को 1 किलो 250 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। अभियुक्त की पहचान आत्मा राम (28) पुत्र देस राज निवासी गली नंबर 12, गांधी नगर, रामपुरा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। थाना सिटी रामपुरा के प्रभारी एसआई राजपाल सिंह के मुताबिक 22 नवंबर को पुलिस टीम इलाके में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी बीच पुलिस टीम जब न्यू मोबाइल रेस्टोरेंट, रामपुरा के पास पहुंची तो एक युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 1 किलो 250 ग्राम अफीम बरामद हुई। इसके पश्चात अभियुक्त को गिरफ्तार कर एफआईआर नंबर 311 थाना सिटी रामपुरा में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। सप्लाई नेटवर्क की पड़ताल करेगी पुलिस एसआई राजपाल सिंह के अनुसार अभियुक्त को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। पूछताछ के बीच यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि वह अफीम कहां से लेकर आया था और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। इसके अतिरिक्त नशा तस्करी से जुड़े उसके अन्य संपर्कों की भी पड़ताल की जाएगी। नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।