मोगा नगर की नेस्ले डेयरी की बैक साइड स्थित रेलवे लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से करीब 55 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति की जान चली गई। हादसा रविवार (22 नवंबर) देर रात का बताया जा रहा है। घटना की खबर मिलते ही समाज सेवा सोसायटी (रजि.) मोगा के सदस्य अपनी 24 घंटे इमरजेंसी सेवा के तहत तुरंत मौके पर पहुंचे। सोसायटी सदस्यों ने मोगा रेलवे पुलिस (GRP) के साथ मिलकर शव को ट्रैक से हटवाया और कब्जे में लिया। सोसायटी सदस्यों के मुताबिक, मृतक के पास से ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला है जिससे उसकी पहचान हो सके। फिलहाल शव को शिनाख्त हेतु सिविल चिकित्सालय मोगा की मोर्चरी में रखवाया गया है। नियमानुसार शव को 72 घंटे तक मोर्चरी में रखा जाएगा, ताकि परिजन या कोई परिचित उसकी पहचान कर सकें। रेलवे पुलिस ने केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।