क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में पंजाब की बदनामी से जुड़ा सवाल पूछने वाला अमिताभ का वीडियो फर्जी निकला है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के पश्चात अमिताभ बच्चन और सोनी टीवी को कानूनी नोटिस भेजा गया था।

इस क्लिप में कथित तौर पर पंजाब के पुलिस थानों में बम धमाकों से जुड़ा सवाल दिखाया गया था। हालांकि, पड़ताल में यह वीडियो AI से तैयार किया हुआ पाया गया है।

असल में यह अक्टूबर 2022 के केबीसी सीजन-14 के एपिसोड-58 की एडिटेड क्लिप है, जिसमें पंजाब से जुड़ा यह प्रश्न कभी पूछा ही नहीं गया था।

विज्ञापनIn-Article Banner

2022 के एपिसोड में पूछा गया था अमृता शेरगिल पर सवाल

रिवर्स-इमेज सर्च और मूल एपिसोड की जांच से साफ हुआ कि वायरल फुटेज अक्टूबर 2022 में दिवाली सप्ताह के बीच प्रसारित हुए KBC सीजन-14 के 58वें एपिसोड का है।

उस एपिसोड में हॉट सीट पर डॉ. समित सेन बैठे थे, जो 22 वर्ष में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह से आने वाले पहले कंटेस्टेंट थे। 12 लाख 50 हजार रुपए का असली प्रश्न यह था कि इनमें से किस कलाकार का जन्म बुडापेस्ट में एक हंगेरियन मां और भारतीय पिता के घर हुआ था।

डॉ. सेन ने गलत उत्तर एफएन सूजा दिया था, जबकि सही जवाब मशहूर चित्रकार अमृता शेरगिल था। अमृता के पिता उमराव सिंह शेरगिल मजीठिया एक भारतीय पंजाबी जाट सिख थे और मां मैरी एंटोनेट गोटेसमैन हंगरी की ओपेरा सिंगर थीं।

फर्जी क्लिप में जो सवाल जोड़ा गया था, उसमें लिखा था- "हाल ही में इनमें से किस राज्य में अपराधी थानों में बम ब्लास्ट करने से डर नहीं रहे हैं"।

तकनीकी छानबीन में इस क्लिप के नकली होने के अनेक सबूत सामने आए हैं। सबसे पहले, स्क्रीन पर दिखाए गए वाक्य के अंत में प्रश्नवाचक चिह्न (?) तक नहीं लगा था और इसका फॉन्ट भी शो के असली ग्राफिक्स से बिल्कुल अलग था। इसके साथ ही, वीडियो में कंटेस्टेंट लगातार शांत बैठा दिखाई देता है, जबकि बैकग्राउंड में अमिताभ बच्चन की क्लोन की गई AI आवाज सुनाई देती है।

अमिताभ को भेजा लीगल नोटिस, 15 दिन में माफी और स्पष्टीकरण मांगा

इस विवादित क्लिप को लेकर पंजाब के संगरूर निवासी रंजीत सिंह की ओर से एडवोकेट इंदरजीत अरोड़ा ने अमिताभ बच्चन और सोनी टीवी को कानूनी नोटिस भेजा है।

नोटिस में विवादित सवाल और वीडियो क्लिप को राष्ट्रीय मीडिया से तुरंत हटाने, पंजाब के लोगों से सार्वजनिक माफी मांगने और 15 दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने की मांग की गई है। फिलहाल न तो सोनी टीवी और न ही अमिताभ बच्चन ने इस पर कोई प्रतिक्रिया दी है, और न ही अदालत में कोई केस दर्ज हुआ है।