अमृतसर | काउंटर इंटेलिजेंस ने बॉर्डर पर ड्रोन से गिराई 36 किलो हेरोइन की खेप बरामद की है। टीम ने 4 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग है। आरोपी विदेश में बैठे हैंडलर के इशारे पर काम कर रहे थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हैंडलर लोपोके बॉर्डर क्षेत्र में ड्रोन के जरिए हेरोइन की खेप गिरवाता था। इसके पश्चात अभियुक्त खेप उठाकर आगे दूसरे तस्करों तक पहुंचाते थे। पुलिस ने सप्लाई में इस्तेमाल 2 बाइक भी जब्त की हैं। पंजाब डीजीपी गौरव यादव ने जानकारी दी कि काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर को जानकारी मिली कि विदेशी हैंडलर के 4 साथी लोपोके सीमा क्षेत्र से ड्रोन के जरिए गिराई गई हेरोइन की खेप लेकर निकले हैं। अमृतसर-लोपोके रोड पर भारतमाला हाईवे पुल के पास किसी दूसरी पार्टी को सप्लाई देने जा रहे हैं। टीम ने तुरंत कार्रवाई कर घटनास्थल पर रेड की और चारों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल सिंह निवासी घन्नुपुर, परमजीत सिंह और कमलपाल सिंह निवासी राजासांसी जिला अमृतसर है, जबकि एक नाबालिग है। अभियुक्त परमजीत सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से 3 केस दर्ज हैं।