अमृतसर | त्योहारों के मद्देनजर अजनाला के मुख्य बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने हेतु विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने देर रात दौरा किया। उन्होंने दुकानदारों से बातचीत कर सुरक्षा प्रबंधों का भरोसा दिलाया। विधायक ने पटाखा दुकानों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए और बताया कि किसी को भी दुकानों के पास पटाखे चलाने की अनुमति न दी जाए, ताकि आगजनी या हादसे का खतरा न रहे। विधायक ने पुलिस अफसरों से चर्चा कर बताया कि दिवाली तक बाजारों में 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था हेतु पुलिस तैनात कर दी गई है। डीएसपी और थाना प्रभारी को विशेष जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने किसी भी शरारती तत्व की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की।