- Hindi News
- Local
- Punjab
- Jalandhar
- The Auspicious Time For Tilak Will Be From 1:10 Pm To 3:30 Pm.
दीपावली के पश्चात भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक भाई दूज पर्व 11 नवंबर, बुधवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। पं. मनीष शर्मा ने कहा कि द्वितीया तिथि 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे शुरू होगी, मगर उदय तिथि के मुताबिक पर्व 11 नवंबर को मनाया जाएगा। तिलक का शुभ मुहूर्त दोपहर 1:10 से 3:30 बजे तक रहेगा।
इस दिन बहनें अपने भाइयों को घर बुलाकर माथे पर तिलक लगाती हैं और उनके सुखी, स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन तथा लंबी उम्र की कामना करती हैं। इसके पश्चात भाई को अपने हाथों से भोजन कराती हैं। बदले में भाई भी बहनों को उपहार भेंट करते हैं।
सिल्वर रेजीडेंसी अपार्टमेंट स्थित शिव मंदिर के प्रमुख पुजारी पं. मनीष शर्मा ने जानकारी दी कि पौराणिक मान्यता के मुताबिक यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे थे। यमुना जी ने उनका आदर-सत्कार कर भोजन कराया और भाई की लंबी उम्र की कामना की गई।
इसके बदले यमराज ने वरदान दिया कि इस दिन बहन के घर जाकर तिलक करवाने और भोजन करने वाले भाइयों को अकाल मृत्यु का भय नहीं रहेगा। तभी से यह पर्व यम द्वितीया के रूप में मनाया जाने लगा। एक अन्य मान्यता के मुताबिक भगवान श्रीकृष्ण नरकासुर का वध करने के बाद अपनी बहन सुभद्रा के घर पहुंचे थे। सुभद्रा ने तिलक लगाकर उनका स्वागत किया गया था। बहनें स्नान के पश्चात भगवान विष्णु और गणेश जी की पूजा करें। शुभ मुहूर्त में भाई को तिलक लगाकर आरती उतारें, रक्षा सूत्र बांधें और मिठाई खिलाकर भोजन कराएं। भाई भी बहनों को उपहार दें। पं. मनीष शर्मा।







