- Hindi News
- Local
- Punjab
- Ludhiana
- Shiva Katha: Rising Above Illusion And Attachment, The Attainment Of God Is The Aim Of Human Life: Sadhvi Bharti
भगवान शिव का स्वरूप मात्र आस्था का विषय नहीं, बल्कि मानव जीवन को दिशा देने वाला आध्यात्मिक संदेश है। उनके श्रृंगार का प्रत्येक प्रतीक मनुष्य को माया-मोह, नकारात्मक विचारों और शारीरिक मोह से ऊपर उठकर प्रभु प्राप्ति की प्रेरणा देता है। यह विचार दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान की ओर से आयोजित शिव कथा के चतुर्थ दिवस पर साध्वी त्रिवेणी भारती ने व्यक्त किए। साध्वी ने बताया कि आज विवाह में दूल्हा सोने-चांदी के आभूषण धारण करता है, जबकि भगवान शिव ने गले में सर्पों को आभूषण बनाया। इसका संदेश है कि सांसारिक माया मनुष्य का सुख-चैन छीन लेती है। शिव की जटाएं उलझे हुए मन की प्रतीक हैं, जिसे ध्यान से एकाग्र किया जा सकता है। शरीर पर भस्म का लेपन देह की नश्वरता, ललाट पर चंद्रमा प्रकाश, डमरू अनहद नाद, त्रिशूल तीनों तापों के नाश और जटाओं में गंगा अमृत रस का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि भगवान शिव भूत-पिशाचों को भी शरण देते हैं, इसलिए उन्हें पशुपतिनाथ कहा जाता है। ये भूत-पिशाच वास्तव में मनुष्य की निकृष्ट मानसिकता, दूषित सोच और नकारात्मक विचारों के प्रतीक हैं। आज इंसान इन्हीं विकारों की वजह से दूसरे का अहित कर रहा है और जीवन का वास्तविक मकसद भूल चुका है। साध्वी ने कहा कि धार्मिक ग्रंथों में मानव तन को दुर्लभ बताया गया है। इसका मकसद मात्र खाने-पीने और मौज-मस्ती करना नहीं, बल्कि ईश्वर की प्राप्ति है। पूर्ण संत ही मनुष्य को उसके भीतर परमात्मा का साक्षात्कार करवा सकते हैं। पांच दिवसीय कथा का कार्यक्रम श्री सनातन धर्म मंदिर, अर्बन एस्टेट फेस-1, जमालपुर में किया जा रहा है। कथा में साध्वी हरिता भारती, हिमाक्षी भारती और रुपिंदर भारती ने भजन प्रस्तुत किए। अंत में आरती हुई। इस अवसर पर मंदिर कमेटी के चेयरमैन सतवीर अग्रवाल, प्रधान राजिंदर पाहवा, अश्वनी छाबड़ा, आशीष अग्रवाल, पूरन चंद सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।







